Bhagalpur news फर्जी केवाला से जमीन नामांतरण का प्रयास, प्राथमिकी

गोराडीह अंचल क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज से जमीन नामांतरण (म्यूटेशन) कराने के गंभीर मामले का खुलासा हुआ है.
गोराडीह अंचल क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज से जमीन नामांतरण (म्यूटेशन) कराने के गंभीर मामले का खुलासा हुआ है. सीओ सोनू कुमार भगत ने गोराडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. एक कैफे संचालक ने मूल केवाला की पीडीएफ प्रति में एडिटिंग कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन नामांतरण के लिए आवेदन किया था. कुल तीन अलग-अलग केवाला से छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से म्यूटेशन कराने का प्रयास किया. पहले मामले में केवाला संख्या 10310, जो मोहन साह पिता-स्व भादो शाह, ग्राम सतनगर, थाना गोराडीह से संबंधित है. मूल प्रति में एडिट कर ऑनलाइन नामांतरण वाद संख्या 2870/2025-26 के तहत मौजा सतनगर, खाता संख्या 51, खेसरा संख्या 153, रकबा 47 डिसमिल की जमीन के लिए आवेदन किया गया. दूसरे मामले में केवाला संख्या 2611, जो मंजू देवी (पति अनिल कुमार), ग्राम हरचंडी, थाना रजौन, जिला बांका से संबंधित है. मूल प्रति में छेड़छाड़ कर वाद संख्या 2133/2025-26 के तहत मौजा धमना मिल्की, खाता संख्या पांच, खेसरा संख्या 67, रकबा 38 डिसमिल जमीन के नामांतरण का प्रयास किया गया. तीसरे मामले में केवाला संख्या 4906, जो चनबटिया देवी पति किसान तांती ग्राम कलिकापुर, थाना गोराडीह से संबंधित है. दस्तावेज में एडिटिंग कर वाद संख्या 2822/2025-26 के तहत मौजा कलिकापुर, खाता संख्या नौ, खेसरा संख्या 38, रकबा 7.5 डिसमिल जमीन का म्यूटेशन कराने का आवेदन किया.जांच में तीनों मामलों में उपयोग किये गये दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और एडिटेड थे. सीओ ने बताया कि निबंधन व मद्य निषेध विभाग के पोर्टल पर जांच करने पर क्रेता और विक्रेता का कोई विवरण उपलब्ध नहीं पाया. इन सभी ऑनलाइन आवेदनों में एक ही मोबाइल नंबर 6201926659 का उपयोग किया गया था, जिसका ट्रूकॉलर पर नाम अरुण ठाकुर प्रदर्शित हो रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ ने कैफे संचालक व आवेदकों के विरुद्ध गोराडीह थाने में फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन में जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




