इस्माईलपुर प्रखंड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

Published by : MANISH KUMAR Updated At : 30 May 2026 10:55 AM

विज्ञापन

क्षेत्र के कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, शुद्ध पेयजल तथा आवागमन जैसी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है

विज्ञापन

गोपालपुर, भागलपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट,

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के इस्माईलपुर प्रखंड क्षेत्र आज भी विकास के मामले में सबसे पिछले पायदान पर है. क्षेत्र के कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, शुद्ध पेयजल तथा आवागमन जैसी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. क्षेत्र के कई गांवों में बारिश के दौरान सड़कें कीचड़मय हो जाती हैं और जलजमाव हो जाता है जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है. ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों को इलाज के लिए नवगछिया अथवा भागलपुर जाना पड़ता है.कई इलाकों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है. वहीं शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है.उनका कहना है कि विद्यालय भवन, शिक्षकों की उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत संसाधनों में सुधार की आवश्यकता है.

कई गांवों के लोगों को हर वर्ष विस्थापन का रहता है भय

गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्र होने के कारण इस्माईलपुर के कई गांवों में लोगों को हर वर्ष विस्थापन का खतरा भी बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें.

जबकि पूर्व में व वर्त्तमान में जिला परिषद अध्यक्ष पद पर इस्माइलपुर प्रखंडवासी काबिज हैं. इस्माईलपुर प्रखंड के छोटी परबत्ता निवासी नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल लगातार बीस वर्षों तक विधायक पद पर रहे. वर्त्तमान उर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने वर्ष 2014में भाजपा के दिग्गज नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन को बतौर राजद प्रत्याशी भागलपुर लोकसभा चुनाव में पटखनी देकर सांसद बनने के बाद पीएम मोदी के आह्वान पर इस्माईलपुर पश्चिमी भिट्ठा को सांसद आदर्श ग्राम के रुप में गोद लेकर समुचित विकास का वादा किया था.प्रखंड कार्यालय स्वयं सहायता समूह के भवन में चलता है तो अंचल कार्यालय पुराने पंचायत भवन में. बीआरसी विद्यालय के एक कमरे में चलता है.

अधिकारियों व कर्मियों के लिये आवास की सुविधा नहीं

अधिकारियों व कर्मियों के लिये आवास की सुविधा नहीं होने के कारण अधिकांश अधिकारी व कर्मी नवगछिया व भागलपुर से आते -जाते हैं. जिस कारण समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं.हालांकि पिछले कुछ वर्षों में सडक व बिजली की स्थिति में सुधार हुआ है. छात्र -छात्राओं के लिये विभिन्न विद्यालयों को उत्क्रमित कर इंटर तक पढाई की व्यवस्था उपलब्ध हुई है. लेकिन प्रखंड मुख्यालय में आज तक राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा नहीं है. बाढ के दौरान अंचल व प्रखंड कार्यालय नवगछिया में शिफ्ट हो जाता है.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन