भागलपुर में हाइवा ने अधेड़ को रौंदा, हंगामे के दौरान विधायक गोपाल मंडल ने खोया आपा, जड़ दिया थप्पड़
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 30 Dec 2023 10:36 AM
भागलपुर के जीरोमाइल चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने केला बेचने वाले अधेड़ व्यक्ति को रौंद दिया. जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गयी. वहीं घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया है. लोग मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार की सुबह सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गयी. घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के जीरोमाइल चौक का है. जहां तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने अधेड़ को रौंद दिया. घटना के बाद आक्रोशित लोगाें ने ट्रक को घेर लिया और खलासी को पकड़ लिया. वहीं घटना से आक्रोशित लोगाें ने सड़क जाम कर दिया. जदयू के विधायक भी मौके पर पहुंचे. लोगों ने टायर जलाकर हंगामा किया और मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. मृतक की पहचान परबत्ता निवासी मनोज कुमार मंडल (45 वर्ष) के रूप में की गयी है. मृतक के परिजन शव उठाने का विरोध कर रहे थे. इसी बीच जदयू विधायक गोपाल मंडल ने आपा खो दिया और एक व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया.
भागलपुर के जीरो माइल चौक पर शनिवार की सुबह 7 बजे के करीब की यह घटना है. बता दें कि गंगा पार नवगछिया की ओर से साइकिल पर केले लादकर उसे बेचने के लिए रोज किसान आते हैं. शनिवार को जब जीरो माइल चौक के पास से मनोज कुमार मंडल साइकिल में केला लादकर गुजर रहे थे तो अचानक एक तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ने उसे कुचल दिया. किसान की मौत मौके पर ही हो गयी. वहीं लोगों ने जब घटना को देखा तो फौरन ट्रक को घेर लिया. ट्रक की स्टेयरिंग खलासी के हाथों में थी. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
Also Read: बिहार: भागलपुर में 2 बच्चों का अपहरण, पुलिस दबिश बढ़ी तो दोनों को छोड़ा, घर पहुंचे बच्चों ने बतायी पूरी बात..
वहीं गुस्साए लोगों ने सबौर-भागलपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. हाइवा को क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस भी मौके पर पहुंची. लोगों ने टायर जलाकर भी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुआवजे की मांग की. वहीं आम लोगों ने ट्रक व हाइवा को मनमाना तरीके से चलने और सड़क पर हादसों की बढ़ती घटना को लेकर विरोध जताया.
बता दें कि इस दौरान गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने भीड़ के बीच पहुंचकर मृतक के परिजनों को जाम हटाने के लिए कहा. मृतक के परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे. इस बीच एक व्यक्ति जदयू विधायक उलझ गया और आवेश में आकर विधायक ने सरेआम उसे एक थप्पड़ जड़ दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस पदाधिकारियों के सामने ही जदयू विधायक ने एक व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया. चर्चा है कि जिसे थप्पड़ मारा गया वो मृतक का परिजन था. जबकि विधायक गोपाल मंडल का कहना है कि उन्होंने अपने समर्थक को थप्पड़ मारा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










