बेतिया: तिरहुत मुख्य नहर में डूबने से दो युवकों की मौत, रील बनाते समय हुआ हादसा

Updated:
विज्ञापन
Police and local residents gathered near Tirhut Main Canal after two youths drowned while making a social media reel

तिरहुत मुख्य नहर के पास हादसे के बाद जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ और मौजूद पुलिस टीम

बेतिया के अमवा मझार के पास तिरहुत मुख्य नहर में रील बनाते समय संतुलन बिगड़ने से दो युवकों की डूबकर मौत हो गई. दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah News: सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमवा मझार स्थित तिरहुत मुख्य नहर के 55 पुल बड़ा केवड़ा के समीप रविवार को वीडियो शूट करने के दौरान नहर में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

वीडियो बनाते समय बिगड़ा संतुलन

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारी टोला निवासी 18 वर्षीय धर्म कुमार, पिता विनोद यादव तथा 19 वर्षीय करण कुमार, पिता नंदलाल महतो के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ अमवा मझार के समीप गंडक नहर के किनारे घूमने गए थे. इसी दौरान वे मोबाइल फोन से रील बनाने में व्यस्त थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वीडियो शूट करते समय अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नहर के गहरे पानी में गिर पड़े.

बचाने की कोशिश रही नाकाम

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी. सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद दोनों युवकों के शव नहर से बाहर निकाले गए.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

मझौलिया अंचलाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया.

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन