पोते के साथ भैंस खरीदने निकले वृद्ध की बाइक की ठोकर से मौत, एक हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

नौतन थाना क्षेत्र में भैंस खरीदने पहुंचे 65 वर्षीय लखरा यादव को सड़क किनारे खड़े होने के दौरान तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दी. इलाज के लिए ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गयी. हादसे के बाद एक संदिग्ध हिरासत में है, जबकि दो अन्य मृतक की बाइक लेकर फरार हैं.

विज्ञापन

Bettiah accident: नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर-गोपालगंज रोड में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय वृद्ध लखरा यादव की मौत हो गयी. मृतक नौतन थाना क्षेत्र के मडुवाहा शिवलिया वार्ड 11 निवासी थे. घटना के बाद पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों में से एक को हिरासत में लिया है, जबकि दो संदिग्ध मृतक की बाइक लेकर फरार हो गये. परिजनों के अनुसार मृतक की बाइक की डिक्की में एक लाख रुपये से अधिक नकद था


भैंस खरीदने निकले थे दादा-पोता

मृतक के पोते मिथलेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने दादा के साथ बाइक से भैंस खरीदने मंगलपुर-गोपालगंज रोड गये थे. भैंस खरीदने की बात तय हो गयी थी. इसके बाद लखरा यादव बाइक खड़ी कर सड़क किनारे अपनी साइड में खड़े थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध तेज गति से पहुंचे और उन्हें जोरदार ठोकर मार दी.


इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

हादसे में लखरा यादव गंभीर रूप से घायल हो गये. मिथलेश कुमार और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया.


रुपये से भरी बाइक लेकर फरार

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद बाइक सवार दो अन्य संदिग्ध लखरा यादव की बाइक लेकर फरार हो गये. बाइक की डिक्की में एक लाख रुपये से अधिक नकद रखा था. पुलिस फरार संदिग्धों की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है.


दो पुत्र, पत्नी का नाम बत्तीसी देवी

लखरा यादव के दो पुत्र हैं और दोनों की शादी हो चुकी है. उनकी पत्नी का नाम बत्तीसी देवी है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. पुलिस हिरासत में लिये गये संदिग्ध से पूछताछ कर घटना और रुपये से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने में लगी है.


विज्ञापन
अवध किशोर तिवारी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन