लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर जोर,एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए सख्त निर्देश
मासिक अपराध समीक्षा बैठक करते एसपी
बागाहा में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया गया. एसपी ने लापरवाह अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
Bagaha Crime Review: पुलिस सभागार में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में जून-2026 की जिला स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में अपराध नियंत्रण,लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन,कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा प्रभावी पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई. एसपी ने बेहतर कार्य करने वाले थानों की सराहना की,जबकि अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों को कार्यशैली में जल्द सुधार लाने का कड़ा निर्देश दिया.
मासिक अपराध गोष्ठी में जुटे जिले के आला अधिकारी
बैठक में मुख्य रूप से पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय दयानंद शर्मा,एसडीपीओ बगहा निहार भूषण,एसडीपीओ रामनगर रागनी कुमारी समेत जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,पुलिस निरीक्षक,शाखा प्रभारी और सभी थानों के थानाध्यक्ष उपस्थित रहे. गोष्ठी के दौरान एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.इसके साथ ही फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने की बात कही.
अवैध बालू खनन,मद्यनिषेध और गश्ती पर विशेष बल
बैठक में अवैध बालू खनन और शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. एसपी ने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती,सघन वाहन जांच,निरोधात्मक कार्रवाई,वारंट व कुर्की के निष्पादन पर बल दिया. इसके साथ ही डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने,सीसीटीएनएस (CCTNS) के कार्यों को अद्यतन रखने तथा पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए.
लापरवाही बरतने वाले पुलिस अफसरों पर होगी कार्रवाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण,लंबित मामलों का त्वरित निपटारा तथा आम लोगों को बेहतर सुरक्षा और पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.अगर किसी भी स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जाती है,तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंद्रप्रकाश आर्य
चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










