आपके इलाके में भी बार-बार जा रही है बिजली? नौतन के इन तीन वार्डों में 5 दिनों से लोग बेहाल

Updated:
विज्ञापन
पेज05:शिवराजपुर में जर्जर ट्रांसफार्मर से तीन वार्डों की बिजली आपूर्ति बाधित, भीषण गर्मी में लोग परेशान

जर्जर ट्रांसफार्मर को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।।। | Prabhat Khabar Network

पश्चिम चंपारण के शिवराजपुर पंचायत में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है. जर्जर ट्रांसफार्मर के कारण अनियमित बिजली से सैकड़ों परिवार परेशान हैं. भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड स्थित शिवराजपुर पंचायत में पिछले पांच दिनों से जर्जर ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है. वार्ड संख्या 12, 15 और 16 के सैकड़ों परिवार अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान हैं. भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जताया.

पांच दिनों से नहीं मिल रही नियमित बिजली

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर काफी समय से जर्जर स्थिति में है. पिछले पांच दिनों से बिजली की स्थिति और खराब हो गई है. कभी कुछ मिनट के लिए बिजली आती है तो घंटों गायब रहती है. इससे दैनिक जीवन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं.

गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बिजली नहीं रहने से पंखे, कूलर और अन्य जरूरी विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं. उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है. रात में बिजली नहीं रहने के कारण लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है.

लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

प्रदर्शन में शामिल रहे ये लोग

प्रदर्शन में शामिल डॉ. कासिम अंसारी, शेख परवेज, शेख शमीम, शेख नजाम, फैयाज, हफीज अंसारी, हसनैन अंसारी, शेख सलामुद्दीन, तसव्वुर अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी, सुड्डु अंसारी, मदीन अंसारी, साहु अंसारी, शौकत मियां, लालबहादुर यादव और नंदलाल महतो सहित कई ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की.

जल्द समाधान का आश्वासन

मामले को लेकर बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) रविंद्र रजक ने कहा कि शिवराजपुर पंचायत के ग्रामीणों की समस्या की जानकारी विभाग को है. जर्जर ट्रांसफार्मर और बिजली आपूर्ति की समस्या को जल्द दूर करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर की समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

यह भी पढे़ं: गंडक के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ के मुहाने पर पश्चिम चंपारण के कई ब्लॉक, कटाव रोकने में जुटे ग्रामीण


विज्ञापन
Shamsad Aziz

लेखक के बारे में

By Shamsad Aziz

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन