साठी-बेलवा नहर को प्रदूषण से मिलेगी राहत, बनेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

सांकेतिक तस्वीर
नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अच्छी खबर है. साठी-बेलवा नहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने कदम बढ़ाया है. इसके लिए MRF और कम्पोस्ट प्लांट बनाए जाएंगे.
West Champaran News: नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक संजय कुमार पाण्डेय द्वारा साठी-बेलवा नहर में गिर रहे सीवेज और ठोस कचरे से बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा उठाए जाने के बाद राज्य सरकार ने नहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने विधानसभा में योजना से जुड़ी जानकारी दी है.
साठी-बेलवा नहर में सीवेज और कचरे से बढ़ रहा था प्रदूषण
साठी-बेलवा नहर में लंबे समय से सीवेज और ठोस कचरा गिरने के कारण प्रदूषण की समस्या बनी हुई थी. इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. नहर के पानी के प्रदूषित होने से पर्यावरण पर भी असर पड़ रहा था. इसी समस्या को विधायक संजय कुमार पाण्डेय ने विधानसभा में उठाया था.
7 टन क्षमता का MRF और 9.6 टन का कम्पोस्ट प्लांट बनेगा
नगर विकास एवं आवास विभाग ने बताया कि नरकटियागंज नगर परिषद क्षेत्र में 7 टन प्रतिदिन क्षमता का मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) स्थापित करने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है. इसके अलावा 9.6 टन प्रतिदिन क्षमता के कम्पोस्ट प्लांट के लिए भी जमीन चयनित की जा चुकी है.
इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने के बाद नगर क्षेत्र में निकलने वाले ठोस कचरे के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी. इससे नहर में ठोस कचरा गिरने की समस्या को नियंत्रित करने की उम्मीद है.
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए तैयार हो रही DPR
विभाग के अनुसार नहर में गिरने वाले सीवेज को रोकने के लिए इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) योजना लागू की जाएगी. इसके साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है.
योजना के लागू होने के बाद सीवेज का उपचार करने के बाद ही पानी नहर में छोड़ा जाएगा. इससे नहर में गंदे पानी के सीधे प्रवाह पर रोक लगेगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी.
विधायक बोले- साठी-बेलवा नहर पश्चिम चंपारण की जीवनरेखा
विधायक संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि साठी-बेलवा नहर पश्चिम चंपारण की जीवनरेखा है. लंबे समय से नहर में सीवेज और ठोस कचरा गिरने से किसान, पर्यावरण और स्थानीय लोग परेशान थे.
उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल नरकटियागंज को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे.
यह भी पढ़ें: खेत जाने के दौरान महिला पर मगरमच्छ का हमला, दोनों पैर जबड़े में दबोचे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










