पुलिस को देखते ही गन्ने में फेंकी शराब और भाग निकले कारोबारी, 172.8 लीटर बरामद
शराब का खेप पकड़ते हुए पुलिसकर्मी
पिपरासी थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुगौली दियारा में छापेमारी की. पुलिस को देखते ही तस्कर 172.8 लीटर अंग्रेजी शराब गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए. पुलिस ने शराब जब्त कर एक फरार तस्कर की पहचान कर ली है.
West Champaran News: पिपरासी थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शनिवार की रात सुगौली दियारा में गंडक नदी किनारे छापेमारी कर 20 पेटी अंग्रेजी एट पीएम शराब बरामद की. बरामद शराब की कुल मात्रा 172.8 लीटर बतायी गयी है. पुलिस की भनक लगते ही शराब कारोबारी खेप को गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गए.
Piprasi News: गुप्त सूचना पर गंडक किनारे पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दियारा क्षेत्र में शराब कारोबारियों की सक्रियता बढ़ने की सूचना मिल रही थी. गन्ने और अन्य फसलों से इलाका घना होने तथा नदी में पानी बढ़ने के कारण तस्करों द्वारा इसका फायदा उठाए जाने की आशंका थी.
इसी को देखते हुए पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र में सूचना तंत्र को सक्रिय कर गश्ती बढ़ा दी थी.
यूपी से बगहा जा रही थी शराब की बड़ी खेप
पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि यूपी से शराब की एक बड़ी खेप बगहा की ओर लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दियारा क्षेत्र में निगरानी और गश्त तेज कर दी.
रात करीब 12 बजे पुलिस को कुछ लोग सिर पर सामान रखकर आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे शराब की खेप गन्ने के खेत में फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए.
20 पेटी से 172.8 लीटर शराब बरामद
पुलिस ने गन्ने के खेत में तलाशी अभियान चलाया, जहां से 20 पेटी अंग्रेजी एट पीएम शराब बरामद हुई. बरामद शराब की कुल मात्रा 172.8 लीटर बतायी गयी है. शराब को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
फरार कारोबारी की हुई पहचान
थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जांच और सूचना तंत्र के आधार पर फरार शराब कारोबारी की पहचान ठोरी गांव निवासी मंटू राजभर के रूप में हुई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
पहले भी 196 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया था मंटू
पुलिस के अनुसार मंटू राजभर पहले भी शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. उसके पास से पूर्व में 196 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी. जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा शराब के अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया.
पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: साइकिल चलाओ, फिट रहो और पर्यावरण बचाओ, रामनगर में शुरू हुआ अनोखा अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










