नरकटियागंज में जाम ऐसा कि डायल-112 की गाड़ी भी एक घंटे फंसी रही, आरओबी के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार

जाम में फसी 112 की गाड़ी
नरकटियागंज में रेलवे ओवरब्रिज के पास सोमवार को लगा भीषण जाम, डायल-112 की पुलिस गाड़ी भी एक घंटे फंसी रही. यह समस्या रोज़ाना की है, जिसका मुख्य कारण अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग है.
Narkatiaganj Traffic Jam: शहर के रेलवे ओवरब्रिज के पास सोमवार को ऐसा जाम लगा कि डायल-112 की पुलिस टीम की गाड़ी भी करीब एक घंटे तक उसमें फंसी रही. आरओबी के दोनों ओर दोपहिया, तिपहिया और बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई. लोग ट्रैफिक के बीच घंटों रेंगते हुए आगे बढ़ने को मजबूर रहे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी एक दिन की समस्या नहीं है. शहर की मुख्य सड़कों पर रोजाना जाम लग रहा है. आरओबी के आसपास अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेंपो और सड़क किनारे अतिक्रमण को लोग इसकी बड़ी वजह बता रहे हैं.
आरओबी के पास क्यों लग रहा रोज जाम?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर टेंपो चालक मनमाने तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों के कब्जे में चला जाता है.
दूसरी तरफ सड़क किनारे दुकानें और ठेले लगने से वाहनों के निकलने की जगह और कम हो जाती है. नतीजा यह है कि व्यस्त समय में आरओबी के पास टेंपो स्टैंड जैसी स्थिति बन जाती है और यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है.
अतिक्रमण हटता है, फिर लौट आती है वही स्थिति
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर परिषद समय-समय पर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती है. लेकिन कुछ दिनों बाद उसी जगह दोबारा दुकानें और ठेले लग जाते हैं.
राहगीरों का कहना है कि रोजाना लगने वाले जाम के कारण कामकाज और सामान्य आवाजाही प्रभावित हो रही है. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका है.
अब अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर परिषद और यातायात पुलिस से आरओबी के आसपास अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लोगों का कहना है कि इस इलाके में नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू होने और वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित किए जाने के बाद ही रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है.
टाउन प्लानर मो. वसीम ने बताया कि जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि कार्रवाई के बाद आरओबी के आसपास यातायात व्यवस्था में कितना सुधार होता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










