लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर पलटी बस, योगापट्टी के हरिशंकर यादव की मौत,धार्मिक यात्रा पर निकले थे
मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में योगापट्टी के किसान हरिशंकर यादव की दर्दनाक मौत हो गई. वे 75 यात्रियों से भरी बस में धार्मिक यात्रा पर निकले थे. चालक की लापरवाही से पलटी बस में कई अन्य यात्री भी घायल हुए.
Yogapatti News: प्रखंड के बगही पुरैना पंचायत अंतर्गत कटहारवा टोला गांव निवासी किसान हरिशंकर यादव की उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी. हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी उमा देवी सहित दोनों पुत्र कृष्णा कुमार और बलिराम कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
करीब 75 यात्रियों से भरी बस में कर रहे थे सफर
बताया जाता है कि हरिशंकर यादव, पिता स्वर्गीय रामेश्वर यादव, 28 जुलाई को हरपुरवा से बैद्यनाथ धाम और वैष्णो देवी की धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे. वह करीब 75 यात्रियों से भरी डबल डेकर स्लीपर बस से यात्रा कर रहे थे.
इसी दौरान लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर सीतापुर गांव के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में हरिशंकर यादव की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गये.
चालक को नींद आने से हादसे की बात
परिजनों और यात्रियों के अनुसार, बस चालक के नींद में होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस बेकाबू होकर पलट गयी. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गयी.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया.
खेती-बारी कर परिवार का करते थे भरण-पोषण
हरिशंकर यादव खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी उमा देवी बार-बार पति को याद कर बेसुध हो जा रही हैं, जबकि दोनों पुत्र पिता की मौत से सदमे में हैं.
घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी.
ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग की
ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
इसके साथ ही ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. धार्मिक यात्रा पर निकले हरिशंकर यादव की मौत से बगही पुरैना पंचायत में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें: बेतिया में डिग्री सेकेंड सेमेस्टर परीक्षा के दूसरे दिन भी घटे प्रश्नपत्र, फोटोकॉपी से परीक्षा पर छात्रों में नाराजगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मधुकर मिश्रा
मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










