बिहार में प्यार करने की मिल रही सजा, मंदिर के खंभे में बांधकर प्रेमी युगल की पिटाई
Published by : Ashish Jha Updated At : 06 Apr 2025 7:23 AM
Loving Couple
Loving Couple: बताया जाता है कि अमित कुमार पूर्वी चंपारण के मिश्राईन टोला में चल रहे महायज्ञ में लड़की के लिए गुड़िया खिलौना खरीदने गया था. तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया.
Loving Couple: बेतिया. बिहार में प्यार करना गुनाह है. बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक प्रेमी युगल को प्यार करने की सजा मिली है. जिले के नौतन थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में हनुमान मंदिर की रेलिंग से एक प्रेमी युगल को रस्सी से बांधकर मारने-पीटने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमी युगल को मुक्त कराया और थाने ले गई.
112 पुलिस की टीम ने किया रेस्क्यू
घटना के संबंध में नौतन थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को रस्सी से खोल कर मुक्त कराकर थाने ले गई. हालांकि, देर रात तक प्रेमी युगल के परिजन थाना नहीं पहुंचे. लड़की की मां ने एफआईआर दर्ज कराई है. लड़की की मां ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि युवक अमित कुमार उनकी बेटी को शादी के इरादे से बहला-फुसलाकर ले जा रहा था. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी अमित कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उसके बाद लड़की का बयान दर्ज कर और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया.
लड़की के लिए गुड़िया खिलौना खरीद रहा था युवक
युवक की पहचान रामनगर बैरिया वार्ड नंबर 05 के अमित कुमार के रूप में हुई है, जबकि लड़की नौतन थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है. बताया जाता है कि अमित कुमार पूर्वी चंपारण के मिश्राईन टोला में चल रहे महायज्ञ में लड़की के लिए गुड़िया खिलौना खरीदने गया था. तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. पुलिस ने आवेदन के आलोक में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










