पांच धूर जमीन के विवाद ने ली जान, 21 दिन बाद इलाज के दौरान वृद्ध मजदूर की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

बेतिया में महज पांच धूर जमीन के विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. 24 जून को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय मजदूर सुरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Bettiah News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गिधौरा बेलवा वार्ड संख्या-47 में महज पांच धूर जमीन के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया. 24 जून को मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय मजदूर सुरेश राम की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच से रेफर किए जाने के बाद परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक सुरेश राम अपने पीछे पत्नी उमा देवी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं. तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे केरल में मजदूरी करते हैं. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

24 जून को लाठी-डंडों से किया गया था हमला

मृतक की पत्नी उमा देवी ने बताया कि पड़ोसियों से पांच धूर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि 24 जून को अर्जुन राम, पप्पू राम, पवन कुमार, लखपति देवी और अनुप कुमार उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने सुरेश राम पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए.

ग्रामीणों की मदद से घायल सुरेश राम को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया में भर्ती कराया गया, जहां पिछले 21 दिनों से उनका इलाज चल रहा था. बुधवार को हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने कहा कि यदि फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं हुए तो उनकी चल एवं अचल संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: नरकटियागंज में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच


विज्ञापन
अवध किशोर तिवारी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन