नरकटियागंज में आकाशीय बिजली का कहर, 33 हजार वोल्ट लाइन के आधा दर्जन इंसुलेटर पंचर, 10 घंटे बाधित रही बिजली
इंसुलेटर ठीक करते मिस्त्री | Prabhat Khabar Network
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में गुरुवार तड़के मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई. रामनगर-नरकटियागंज के बीच 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के इंसुलेटर पंचर होने से करीब 10 घंटे बिजली बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई. विद्युत विभाग की टीम ने युद्धस्तर पर मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी है.
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में गुरुवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई. रामनगर-नरकटियागंज के बीच 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के करीब आधा दर्जन इंसुलेटर पंचर हो गए, जिससे सुबह करीब चार बजे से शहर और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई.
आपके शहर में
युद्धस्तर पर चला मरम्मत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त इंसुलेटरों को बदलने का काम शुरू किया. तकनीकी कर्मियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत अभियान चलाकर लाइन को दुरुस्त किया.
सुबह चार बजे से दोपहर करीब एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई. बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं.
यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण के दोन क्षेत्र में बारिश से 26 गांवों का संपर्क टूटने की कगार पर
वज्रपात से इंसुलेटर हुए क्षतिग्रस्त
कनीय विद्युत अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से 33 हजार वोल्ट लाइन के करीब आधा दर्जन इंसुलेटर पंचर हो गए थे. तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदलकर लाइन को दुरुस्त कर दिया है और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है.
उन्होंने लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा बिजली से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विभागीय कंट्रोल रूम को देने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए