आधी रात गूंजा ‘नंद के आनंद भयो’, गोपीनाथ मंदिर में जन्मे कन्हैया, झूम उठे श्रद्धालु

Updated:
विज्ञापन

बेतिया के गोपीनाथ पंचायती मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन हुआ. मेयर गरिमा सिकारिया देवकी और नगर पार्षद रोहित सिकारिया वासुदेव बने. आधी रात कन्हैया के जन्म पर ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा.

विज्ञापन

बेतिया न्यूज: लाल बाजार स्थित गोपीनाथ पंचायती मंदिर शुक्रवार की आधी रात भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा. भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय जैसे ही आया, मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय हो नंदलाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा. बाल कृष्ण की एक झलक पाने और उनका स्पर्श करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी.

आपके शहर में

विज्ञापन


मेयर गरिमा बनीं देवकी, पार्षद रोहित वासुदेव

मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष व नगर पार्षद रोहित कुमार सिकारिया और उनकी धर्मपत्नी नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने वासुदेव और देवकी का रूप धारण कर वैदिक विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव महायज्ञ संपन्न कराया. आधी रात के बाद तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवक-युवतियां शामिल हुए. मंदिर परिसर से लेकर लाल बाजार क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आयी.


जन्म के साथ ही जयकारों से गूंज उठा मंदिर

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बेला आते ही श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर पहुंच गया. मंदिर में भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच बाल गोपाल के दर्शन के लिए भक्तों में होड़ लगी रही. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते नजर आये. पूरे माहौल में आध्यात्मिक उल्लास और उत्सव का रंग देखने को मिला.


कृष्ण की उपासना देती है निष्काम कर्म की प्रेरणा : गरिमा

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण की उपासना से आत्मिक शांति, निष्काम कर्म की प्रेरणा और लोककल्याण का आशीर्वाद मिलता है. भगवान कृष्ण केवल देवता नहीं, बल्कि जन-जन के मन में रमे लोकआस्था के जीवंत प्रतीक हैं. भारतीय सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन में उनकी उपासना का विशेष महत्व है. उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म करते हुए लोककल्याण की भावना से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. जन्मोत्सव महायज्ञ के सफल आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता महत्वपूर्ण रही.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन