पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन शुरू, 10 सितंबर तक तय होगी पंचायत-वार्ड की चौहद्दी
नए सिरे से परिसीमन कार्य में कर्मी
पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, वाल्मीकिनगर में नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 10 सितंबर तक पंचायतों और वार्डों की नई चौहद्दी डिजिटल माध्यम से तय की जाएगी, जिससे स्थानीय चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं.
West Champaran News: वाल्मीकिनगर. आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रखंड स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग के निर्देश पर वाल्मीकिनगर समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों में नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की गई है. परिसीमन के बाद पंचायतों और वार्डों की सीमाओं में बदलाव होने की संभावना है, जिससे स्थानीय चुनावी समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं.
आपके शहर में
10 सितंबर तक पूरा करना होगा परिसीमन का काम
बीडीओ विडडू कुमार राम ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को 10 सितंबर 2026 तक परिसीमन एवं इनमरेशन ब्लॉक (ईबी) की चौहद्दी दर्ज करने का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है. इस बार परिसीमन की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है. इससे पंचायत और वार्ड की सीमाओं के निर्धारण में अधिक सटीकता और पारदर्शिता आने की उम्मीद है.
2011 की जनगणना के आंकड़े होंगे आधार
नए परिसीमन में 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया जा रहा है. इससे पहले पंचायत परिसीमन में 1991 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया था. परिसीमन का उद्देश्य पंचायतों और निर्वाचन क्षेत्रों में जनसंख्या तथा भौगोलिक क्षेत्र का यथासंभव संतुलित निर्धारण करना है.
मोबाइल ऐप पर दर्ज होगी पंचायत की चौहद्दी
परिसीमन के लिए विशेष मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है. संबंधित कर्मियों को प्रत्येक इनमरेशन ब्लॉक की वास्तविक स्थिति और चौहद्दी दर्ज करनी होगी. इसमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम के साथ उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और केंद्र की स्थिति भी दर्ज की जाएगी. कर्मियों को डिजिटल प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है.
बदल सकता है स्थानीय चुनावी समीकरण
परिसीमन के बाद वाल्मीकिनगर, लक्ष्मीपुर-रमपुरवा, संतपुर-सोहिरया और चंपापुर-गोनौली समेत अन्य पंचायतों के वार्डों की सीमाओं में बदलाव हो सकता है. ऐसे में आगामी पंचायत चुनाव में नए क्षेत्रीय समीकरण उभरने की संभावना है. जनप्रतिनिधियों और चुनावी दावेदारों की नजर अब परिसीमन के अंतिम स्वरूप पर टिकी हुई है.
यह भी पढ़ें: बच्चों के बेहतर भविष्य की मेहनत को मिला सम्मान, रामनगर के चार शिक्षक हुए सम्मानित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए