कमाने गए थे, ताबूत में लौटे… लद्दाख हादसे में मरे पश्चिम चंपारण के दो युवकों का शव पहुंचा गांव

शव का प्रतीकात्मक फोटो, AI जेनरेटेड
Ladakh Accident: रोजगार की तलाश में लद्दाख गए पश्चिम चंपारण के दो मजदूरों की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. मंगलवार को दोनों के शव गांव पहुंचने पर पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट
Ladakh Accident: रोजी-रोटी कमाने के लिए दो महीने पहले लद्दाख गए पश्चिम चंपारण के दो मजदूर अब ताबूत में अपने गांव लौटे. निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से दोनों की मौत हो गई थी. मंगलवार को जैसे ही उनके शव लछनौता बौद्ध टोला पहुंचे, पूरे गांव में मातम पसर गया.
लद्दाख में दीवार गिरने से गई दोनों की जान
जानकारी के अनुसार, लद्दाख के खालसी क्षेत्र के यंग टांग में निर्माणाधीन भवन की मरम्मत का कार्य चल रहा था. इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई. मलबे में दबने से पश्चिम चंपारण के लछनौता बौद्ध टोला निवासी वजीर बैठा (27) और मोहम्मद फारूक (35) की मौके पर ही मौत हो गई.
दो महीने पहले मजदूरी करने गए थे घर से
मृतक वजीर बैठा, इमाम मियां के पुत्र थे, जबकि मोहम्मद फारूक स्वर्गीय कुरैश देवान के पुत्र थे. दोनों करीब दो महीने पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए लद्दाख मजदूरी करने गए थे.
घटना के समय उनके साथ काम कर रहे सुजीत कुमार और सुनर साह ने बताया कि दोनों दूसरी मंजिल पर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे, जबकि वे नीचे रेत की नापी कर रहे थे. तभी अचानक दीवार गिर गई और दोनों मजदूर मलबे में दब गए. काफी मशक्कत के बाद मकान मालिक और स्थानीय प्रशासन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
एयर एंबुलेंस से पटना, फिर गांव पहुंचा शव
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की पहल पर दोनों शवों को एयर एंबुलेंस से लद्दाख से पटना लाया गया. इसके बाद जिला प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर शवों को बेतिया होते हुए उनके पैतृक गांव लछनौता पहुंचाया. स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने इस मानवीय पहल की सराहना की.
गांव में पसरा मातम
मंगलवार सुबह जैसे ही दोनों शव गांव पहुंचे, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम दिखी.
यह भी पढे़ं: ‘मेरी बेटी मर चुकी है…’ लाश की भी हुई थी पहचान, अचानक सामने आई युवती, कहा- मैं जिंदा हूं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










