Bettiah: भारत माता जय के जयघोष से गूंजा बेतिया, निकला तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में गुरूवार को सांसद डॉ संजय जायसवाल के नेतृत्व में नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया.
बेतिया. पश्चिमी चंपारण जिला मुख्यालय गुरूवार को वंदे मातरम्, भारत माता की जयघोष से गूंज उठा. हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में गुरूवार को सांसद डॉ संजय जायसवाल के नेतृत्व में नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. इस यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जिनमें भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिक भी थे. सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे हुए थे और उत्साहपूर्वक भारत माता की जय और वंदे मातरम् जैसे नारे लगाते हुए शहर की सड़कों पर निकले. यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्र की एकता व अखंडता को प्रदर्शित करना था. तिरंगा यात्रा की शुरुआत नजरबाग पार्क के समीप राज डयोढ़ी परिसर से हुई. यात्रा में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल थे. सांसद डॉ संजय जायसवाल ने यात्रा का नेतृत्व किया और तिरंगा लहराते हुए सभी को देश के प्रति समर्पण और एकता का संदेश दिया. यात्रा नजरबाग पार्क से शुरू होकर लाल बाजार, तीन लालटेन चौक, जनता सिनेमा मार्ग से होती हुई शहीद पार्क पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. शहीद पार्क में आयोजित समापन समारोह में सांसद डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि आज का दिन देशभक्ति और बलिदान का दिन है. तिरंगा यात्रा के माध्यम से हमने न केवल अपनी राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित किया, बल्कि यह संकल्प भी लिया कि हम भारत को और मजबूत व विकसित बनाने के लिए कटिबद्ध हैं. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और देश के बंटवारे के दौरान शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हम उन सभी बलिदानियों को नमन करते हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी. तिरंगा यात्रा में भाजपा के कई प्रमुख नेता शामिल रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सर्राफ, भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार, आनंद सिंह, बबुआजी दुबे, शिवेंद्र शिबू, रवि सिंह, राहुल कुमार, कुमार गौरव उर्फ रिंकी, मुन्ना तिवारी, सीमा माधोगढ़िया और मनोज सिंह प्रमुख थे. इन नेताओं ने न केवल यात्रा में सक्रिय भागीदारी की, बल्कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों को देशभक्ति के लिए प्रेरित भी किया. इधर, चनपटिया के विभिन्न पंचायतों में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल भाजपा नेता प्रतीक ई शर्मा शामिल हुए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




