Bettiah News: फीस वृद्धि मामले में सुनवाई कल, तिरहुत प्रमंडल कार्यालय पहुंचेंगे बेतिया के 72 निजी स्कूल संचालक
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 15 May 2026 3:39 PM
फीस वृद्धि मामले में सुनवाई
Bettiah News:फीस वृद्धि विवाद में बेतिया के 72 निजी स्कूलों के संचालक कल मुजफ्फरपुर में तिरहुत प्रमंडल के आरडीडी कार्यालय पहुंचेंगे. बिना फीस बढ़ाए भी नोटिस मिलने से नाराज संचालक एसोसिएशन के नेतृत्व में अपना पक्ष रखेंगे.पढ़ें पूरी खबर…
Bettiah News:बिहार निजी विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2019 के तहत तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (RDD) द्वारा जारी पत्र के आलोक में शनिवार (16 मई) को एक बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है. प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, पश्चिम चंपारण के जिला अध्यक्ष मो. नुरैन खान एवं जिला सचिव अब्दुल्लाह उर्फ अरशद सरहदी के नेतृत्व में जिले के 72 निजी स्कूलों के संचालक मुजफ्फरपुर स्थित क्षेत्रीय उप निदेशक कार्यालय पहुंचेंगे. दिन के 11 बजे होने वाली इस समीक्षा और सुनवाई को लेकर स्कूल संचालकों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
बिना फीस बढ़ाए भी मिला नोटिस, भारी नाराजगी
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन स्कूलों से फीस वृद्धि को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें कई ऐसे विद्यालय भी शामिल हैं जिन्होंने इस शैक्षणिक सत्र में किसी प्रकार की फीस वृद्धि नहीं की है. इसके बावजूद बिना किसी ठोस आधार के उन्हें नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया है, जिससे स्कूल संचालकों में गहरी नाराजगी है. उनका कहना है कि बिना जांच के इस तरह की कार्रवाई से स्कूलों की छवि धूमिल होती है.
डीईओ कार्यालय में जवाब देने के बाद भी दोबारा समन
पदाधिकारियों ने बताया कि सूची में कुछ ऐसे विद्यालय भी हैं जिन्होंने निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के दायरे में रहकर फीस में आंशिक वृद्धि की थी. इन स्कूलों ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय, बेतिया में पूर्व में ही अपना लिखित स्पष्टीकरण और दस्तावेज जमा कर दिया था. इसके बावजूद प्रमंडलीय स्तर से उन्हें बार-बार नोटिस भेजकर परेशान किए जाने का आरोप लगाया गया है. एसोसिएशन का कहना है कि बार-बार एक ही मामले में स्पष्टीकरण मांगने से विद्यालय प्रबंधन असमंजस की स्थिति में है.
आरडीडी कार्यालय में मजबूती से पक्ष रखेंगे संचालक
संगठन के नेताओं ने साफ किया है कि निजी विद्यालय लगातार विभागीय निर्देशों और शुल्क विनियमन अधिनियम का पालन कर रहे हैं. 16 मई को मुजफ्फरपुर स्थित क्षेत्रीय उप निदेशक कार्यालय में सभी 72 स्कूल संचालक एक साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष मजबूती और साक्ष्यों के साथ रखेंगे. एसोसिएशन ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष सुनवाई करने और बेवजह का नोटिस भेजने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










