Bettiah News: जीएमसीएच की बदहाली, 6 साल में ही उखड़ने लगीं टाइल्स और दीवारें

Updated:
विज्ञापन
Bettiah News gmch building poor maintenance drainage issue quality questions

बेतिया जीएमसीएच में उखड़ीं टाइल्स

Bettiah News: जीएमसीएच में 800 करोड़ खर्च के बाद भी बदहाली का आलम है. छह साल में ही अस्पताल की टाइल्स उखड़ने लगी हैं और ड्रेनेज फेल होने से परिसर में गंदा पानी बह रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया से आलोक अगस्टीन की रिपोर्ट

Bettiah News: आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रतीक माना जाने वाला बेतिया सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) उचित रखरखाव के अभाव में बदहाली के आंसू रो रहा है. करीब 800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी इस इमारत की चमक महज छह साल में ही फीकी पड़ गई है. अस्पताल के सी-ब्लॉक में जगह-जगह उखड़ती टाइल्स, दरकती दीवारें और टूटते दरवाजे अब निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.

निर्माण गुणवत्ता मानकों की अनदेखी

वर्ष 2020 में शुरू हुए सी-ब्लॉक की स्थिति इतनी जर्जर हो गई है कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवें फ्लोर तक टाइल्स उखड़ कर गिर रहे हैं. नर्सिंग काउंटर, रैंप और दरवाजों के पास की दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. इससे मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्य कर्मियों में हमेशा किसी अप्रिय घटना का डर बना रहता है. जानकारों का कहना है कि किसी भी सरकारी इमारत के लिए छह साल में ऐसी टूट-फूट सामान्य नहीं है, जो घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की ओर इशारा करती है.

फेल ड्रेनेज सिस्टम और संक्रमण का खतरा

जीएमसीएच की सबसे बड़ी समस्या यहां का ड्रेनेज सिस्टम है, जो पूरी तरह फेल हो चुका है. अस्पताल परिसर में शौचालय और नालों का गंदा पानी बह रहा है. सी-ब्लॉक के कई हिस्सों में जलजमाव और उससे उठने वाली बदबू ने मरीजों का जीना मुहाल कर दिया है. गंदगी के कारण अस्पताल में संक्रमण फैलने का खतरा भी काफी बढ़ गया है, जिससे इलाज कराने आए लोग अतिरिक्त बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं.

क्या कहता है अस्पताल प्रशासन?

इस बदहाली पर जीएमसीएच के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सी-ब्लॉक में उखड़े टाइल्स और ड्रेनेज की समस्या को लेकर निर्माण एजेंसी BMSICL को सूचित कर दिया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मरम्मत कार्य कराकर व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा. हालांकि, स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर काफी आक्रोश है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन