शिक्षक से मिलकर पिता के दोस्त ने ही किया था आर्यन का अपहरण, फिरौती लेने का था मकसद

Published by : SATISH KUMAR Updated At : 16 Sep 2025 6:31 PM

विज्ञापन

लौरिया थाना क्षेत्र की व्यासपुर चौक स्थित एक प्राइवेट स्कूल के नर्सरी का छात्र आर्यन का अपहरण फिरौती के लिए किया गया था.

विज्ञापन

बेतिया. लौरिया थाना क्षेत्र की व्यासपुर चौक स्थित एक प्राइवेट स्कूल के नर्सरी का छात्र आर्यन का अपहरण फिरौती के लिए किया गया था. अपहरण की साजिश में स्कूल का एक शिक्षक भी शामिल था. एसडीपीओ विवेक कुमार दीप ने बताया कि राहुल शर्मा और राजू चौधरी ने मिलकर अपहरण की साजिश रची थी. गिरफ्तार दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. जबकि मुक्त कराये गये बच्चे को उसके माता पिता को सौंप दिया गया. एसडीपीओ ने बताया कि अपहरण के बाद अपहर्ता राहुल शर्मा बच्चे को लेकर गोरखपुर चला गया था और वहां से दूसरे जगह ले जाने के फिराक में था, लेकिन उसकी चाल पूरी नहीं हो सकी और वह पुलिस के हाथों पकड़ा गया. अपहर्ता राहुल को अभी फिरौती की रकम मांगने का मौका नहीं मिला था. एसडीपीओ ने बताया कि सोमवार को स्कूल के टिफिन के समय आर्यन का अपहरण करने के बाद राहुल उसे बाइक से लेकर रामनगर चला गया था. रामनगर में अवध एक्सप्रेस से वह आर्यन को लेकर गोरखपुर गया. रास्ते में ही वह उसका स्कूल ड्रेस चेंज कर दिया. गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर उतरकर वह आर्यन को बस पर लेकर कहीं जा रहा था, तभी पुलिस, जीआरपी व गोरखपुर पुलिस के सहयोग से राहुल को दबोचा गया. सोमवार की रात ही पुलिस आर्यन को उसके पिता अनूप कुमार श्रीवास्तव के हवाले कर दी थी. एसडीपीओ ने बताया कि आर्यन के पिता लौरिया थाना के लिपनी निवासी अनूप कुमार श्रीवास्तव का बिजली के सामान का दुकान है. राहुल शर्मा बिजली मिस्त्री है. वह काम के सिलसिले में हमेशा उसके दुकान पर आता जाता था. जबकि राहुल और राजू चौधरी एक साथ पढ़े थे. आर्यन के पिता और दोनों अपराधी आपस में परिचित थे. गोरखपुर रेलवे स्टेशन से बाहर आने के बाद राहुल आर्यन को लेकर बस पर सवार हो गया. पुलिस बस का पीछा करने लगी. करीब 30 किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस राहुल को गिरफ्तार कर आर्यन को अपने संरक्षण में ले ली. पूछताछ में राहुल ने पुलिस से बताया कि वह मामला ठंडा पड़ने का इंतजार कर रहा था. मामला ठंडा होने के बाद फिरौती की रकम मांगने की साजिश की योजना थी. अपहरण की सूचना मिलने के बाद एसपी डा शौर्य सुमन ने एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था. छापेमारी में सीडीपीओ के अलावा विशेष अपराध शाखा के पुलिस उपाधीक्षक गोरख बैठा, यातायात डीएसपी अतनु दत्त, शिकारपुर अंचल के इंस्पेक्टर, राजीव कुमार, विशेष आसूचना इकाई के दारोगा इंद्रजीत पासवान, ओम प्रकाश गुप्ता, लौरिया के अपर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, दारोगा जयशल कुमार, सौरभ कुमार, पवन कुमार व विशेष आसूचना इकाई और थाना से सिपाही शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन