बेगूसराय में छात्राओं को साइबर सुरक्षा का पाठ, महिला थाना ने बताया- खतरा हो तो तुरंत डायल करें 112 और 181

बेगूसराय में छात्राओं को साइबर सुरक्षा का पाठ दिया गया
बेगूसराय के बरौनी प्रखंड में महिला थाना ने छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के तरीके बताए गए.
Begusarai Women Safety Cyber Awareness Program : बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड स्थित आरबीएसएस प्लस टू स्कूल, हरपुर में महिला थाना के सहयोग से महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को सुरक्षित जीवन, डिजिटल सतर्कता और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
Begusarai News : छात्राओं को बताए गए सुरक्षा के अहम उपाय
महिला थाना की पुलिस पदाधिकारी ने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 और महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि समय पर सूचना देने से पुलिस तत्काल सहायता और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सकती है.
सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें उपयोग
कार्यक्रम के दौरान थाना अध्यक्ष ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा साइबर बुलिंग से हमेशा सावधान रहें.
अपराध होने पर बिना डर पुलिस को दें सूचना
महिला पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि यदि किसी छात्रा के साथ साइबर ठगी, उत्पीड़न या महिला संबंधी किसी भी प्रकार का अपराध होता है तो बिना किसी डर या संकोच के तुरंत पुलिस को सूचना दें. समय पर शिकायत मिलने से दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है.
कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस की सहायता सेवाओं की भी जानकारी दी गई. छात्राओं से आत्मनिर्भर, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया.
जागरूक रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों का स्वागत किया, जबकि शिक्षिका शुची सौम्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया. कार्यक्रम में पूजा, सर्वेश कुमार पांडेय, नीतेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, नचिकेता कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं छात्राएं मौजूद रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










