बेगूसराय: भोजपुरी गाने पर तमंचा लहराकर मुस्कुराती दिखी युवती, देवर संग पिस्तौल के साथ दिया पोज, पुलिस पर उठे सवाल
अवैध हथियार के साथ देवर संग पोज देती महिला
बेगूसराय से हथियारों के साथ एक महिला और युवक के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. महिला भोजपुरी गाने पर तमंचा लहराते और युवक पिस्तौल के साथ पोज देते दिख रहे हैं. इस वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस जांच में जुट गई है.
Begusarai Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें कथित तौर पर एक महिला और युवक हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में महिला हाथ में तमंचा लेकर भोजपुरी गाने पर झूमती और कैमरे के सामने मुस्कुराती दिखाई दे रही है. वहीं, एक वायरल तस्वीर में महिला पिस्तौल हाथ में लेकर कैमरे के सामने अपने देवर के साथ पोज देती नजर आ रही है. वीडियो और तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गयी है.
चमथा रैली गांव का बताया जा रहा वायरल वीडियो
वायरल वीडियो और फोटो बछवाड़ा थाना क्षेत्र की चमथा-एक पंचायत के चमथा रैली गांव का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला की पहचान चमथा-एक पंचायत के वार्ड संख्या-14, चमथा रैली गांव निवासी सुमंजय कुमार की पत्नी रूपा कुमारी के रूप में बतायी जा रही है. वहीं, युवक की पहचान लक्ष्मण राय के पुत्र अवध कुमार के रूप में बतायी जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों रिश्ते में देवर-भाभी हैं.
वीडियो में महिला के हाथ में हथियार जैसा दिखने वाला सामान नजर आ रहा है. वह भोजपुरी गाने की धुन पर कैमरे के सामने मुस्कुराती दिखाई दे रही है. वीडियो के सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गयी.
View on Instagram
पुलिस जांच के बाद ही होगी वायरल दावे की पुष्टि
स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो में दिख रहे युवक और महिला की पहचान उपरोक्त लोगों के रूप में की जा रही है. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति वास्तव में वही हैं या नहीं. साथ ही, उनके हाथ में दिख रहा हथियार असली है अथवा नकली, इसकी भी जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी.
प्रभात खबर वायरल फोटो और वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
पिस्तौल जैसी वस्तु के साथ एक अन्य तस्वीर भी वायरल
इसी मामले से जुड़ी बतायी जा रही एक अन्य तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इसमें एक युवती हाथ में पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर कैमरे के सामने पोज देती नजर आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, तस्वीर में दिख रही युवती की पहचान स्वर्गीय रामप्रवेश राय की पुत्री निशा कुमारी के रूप में बतायी जा रही है.
हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि युवाओं के हाथों में हथियार कैसे पहुंच रहे हैं और खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी.


पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, वायरल सामग्री की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की वास्तविकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मामले को गंभीरता से लेते हुए बछवाड़ा पुलिस वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर जांच में जुट गयी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो और फोटो कब और कहां बनाये गये तथा इसमें दिखाई दे रहे लोगों और हथियार की वास्तविकता क्या है.
थानाध्यक्ष ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वायरल फोटो और वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच में तथ्यों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









