बेगूसराय में प्राइवेट स्कूल संचालकों की बैठक, आरटीई प्रतिपूर्ति राशि समेत कई समस्याओं को लेकर उठाई आवाज

Author Niraj Kumar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
बरौनी में जिला के नीजी संचालकों की हुई बैठक | Prabhat Khabar Network

बरौनी में जिला के नीजी संचालकों की हुई बैठक | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में प्राइवेट स्कूल संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा विभाग से जुड़ी कई समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। संचालकों ने आरटीई प्रतिपूर्ति राशि के भुगतान में देरी और पोर्टल एकीकरण की मांग उठाई।

विज्ञापन

बेगूसराय: प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मदर टेरेसा एकेडमी, शोकहरा बरौनी के सभागार में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला पदाधिकारी सुधीर कुमार ने की. इसमें एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बृज बिहारी मिश्र सहित बेगूसराय जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालकों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं को रखा.

संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता पर जोर

बैठक में बखरी के दानेश्वर यादव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य एक-दूसरे का सहयोग करना है. जब सभी लोग निस्वार्थ भावना से एक-दूसरे के साथ खड़े होंगे, तभी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा.

एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बृज बिहारी मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सईद शमायल अहमद के नेतृत्व में संगठन पूरे देश में कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से सदस्यों से कभी सदस्यता शुल्क नहीं लिया गया है. संगठन हमेशा निजी विद्यालय संचालकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम करता है.

शिक्षा विभाग के पोर्टल और नियमों में बदलाव की मांग

बैठक में विद्यालय संचालकों ने शिक्षा विभाग की कई समस्याओं पर चर्चा की. मुकेश प्रियदर्शी ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक सरकार के निर्देशों का पालन करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर भी विभाग को ध्यान देना चाहिए.

उन्होंने मांग की कि शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कई पोर्टलों को एकीकृत कर एक ही पोर्टल बनाया जाए, ताकि विद्यालयों को जानकारी अपलोड करने में परेशानी नहीं हो.

इसके अलावा क्लास दो से ऊपर के विद्यार्थियों के नामांकन में विद्यालयों को अधिकार देने, आरटीई के तहत प्रतिपूर्ति राशि का जल्द भुगतान करने और ई-संबंधन के लिए खेल मैदान की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई गई.

आरटीई राशि भुगतान नहीं होने से विद्यालयों पर संकट

जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार ने कहा कि आरटीई के तहत मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि कई वर्षों से लंबित है. राशि का सही समय पर भुगतान नहीं होने से कई निजी विद्यालयों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है.

उन्होंने कहा कि निजी विद्यालय सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शिक्षा व्यवस्था में सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार हैं, लेकिन विभाग को भी विद्यालय संचालकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए.

शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के विकास पर चर्चा

बैठक में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के पालन को लेकर भी चर्चा की गई. उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया.

बैठक में निर्णय लिया गया कि निजी विद्यालयों की समस्याओं से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा जाएगा, ताकि सरकार के समक्ष इन मुद्दों को मजबूती से रखा जा सके.

ये रहे मौजूद

बैठक में विद्यालय संचालक विक्रांत कुमार, मनोज कुमार, अरुण कुमार पाठक, सुनील कुमार, सोनू कुमार राय, उमेश कुमार, पीयूष कुमार, रमेश मिश्र, राहुल कुमार, रजनीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, शशिरंजन, विशाल कुमार, राजेश कुमार और आदेश सिन्हा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.

कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बृज बिहारी मिश्र ने किया.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन