बेगूसराय आरपीएफ की कार्रवाई: कटरा एक्सप्रेस से चोरी गए दो मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

आरपीएफ के साथ गिरफ्तार चोर | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से कामाख्या-दरभंगा एक्सप्रेस में चोरी हुए दो मोबाइल बरामद किए गए.
Begusarai News : आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में बेगूसराय रेलवे स्टेशन से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से चोरी के दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों मोबाइल मां वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में सफर कर रहे दंपती के थे, जिन्हें यात्रा के दौरान चोरी कर लिया गया था.
नावकोठी के चकता निवासी है आरोपी
आरपीएफ पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अपराध आसूचना शाखा (गढ़हारा) के निरीक्षक प्रभारी नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बेगूसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर छापेमारी की. संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को पकड़कर तलाशी ली गई. उसकी पहचान नावकोठी थाना क्षेत्र के चकता वार्ड-3 निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई.
एस-1 कोच से चोरी की थी मोबाइल
तलाशी के दौरान उसके पास से वीवो और ओप्पो कंपनी के दो स्मार्टफोन बरामद हुए. पूछताछ के दौरान बरामद वीवो मोबाइल पर कॉल आने पर पुलिस ने फोन रिसीव किया. कॉल करने वाले ने अपनी पहचान मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के भदुआर निवासी विनोद कुमार महतो के रूप में दी. उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाड़ी संख्या 15655 मां वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के एस-1 कोच में सफर कर रहे थे. यात्रा के दौरान उनका ओप्पो मोबाइल और उनकी पत्नी का वीवो मोबाइल चोरी हो गया था.
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा
घटना की पुष्टि होने के बाद आरपीएफ गढ़हारा की लिखित शिकायत पर जीआरपी बेगूसराय थाना में कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया है. आरपीएफ पोस्ट कमांडर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ नीमाचांदपुरा, मोरकाही और नावकोठी थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










