भक्ति में डूबा बेगूसराय, भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Updated:
विज्ञापन
 रथयात्रा में शामिल तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार व अन्य कचहरी रोड़ से गुजरती भव्य रथयात्रा  | Prabhat Khabar Network

रथयात्रा में शामिल तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार व अन्य कचहरी रोड़ से गुजरती भव्य रथयात्रा | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में इस्कॉन द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए. इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से भक्त पहुंचे और महाप्रसाद का वितरण किया गया.

विज्ञापन

Begusarai News : इस्कॉन बेगूसराय के तत्वावधान में रविवार को भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई. भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव और श्री सुभद्रा महारानी आकर्षक ढंग से सजे दिव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले. रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए. हरिनाम संकीर्तन, जयघोष और भजनों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया.

गांधी स्टेडियम से निकली रथयात्रा

रथयात्रा का शुभारंभ गांधी स्टेडियम से भगवान को 56 भोग अर्पित करने, भव्य आरती और अतिथियों के सम्मान के बाद हुआ. यात्रा ट्रैफिक चौक, काली स्थान और हर-हर महादेव चौक होते हुए विश्वनाथ नगर पार्क स्थित इस्कॉन सेंटर पहुंचकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.

देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे श्रद्धालु

इस ऐतिहासिक आयोजन में धनबाद, रांची, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, पटना, बक्सर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और मधुबनी सहित कई स्थानों से भक्त और कीर्तन मंडलियां शामिल हुईं. दो हरिनाम संकीर्तन दल पूरे मार्ग में निरंतर संकीर्तन करते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.

जगन्नाथ कथा में सुनाई दिव्य लीलाएं

रथयात्रा से पूर्व आयोजित दो दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा महोत्सव में परम पूज्य श्रीमन देवकीनंदन प्रभुजी ने भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया. उन्होंने राजा इन्द्रद्युम्न द्वारा श्री जगन्नाथ मंदिर की स्थापना, भगवान के पतितपावन स्वरूप तथा राजा पुरुषोत्तम देव और राजकुमारी पद्मावती की प्रेरणादायक कथा का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और ईश्वर पर अटूट विश्वास का संदेश दिया.

स्वयंसेवकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

रथयात्रा के सफल आयोजन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने कई दिनों तक सेवा दी. आयोजन में इस्कॉन बेगूसराय के अध्यक्ष जगदीश श्याम दास, ग्लोबल जीबीसी मंत्री एवं जोनल सचिव श्रीमन देवकीनंदन प्रभु सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे. रथयात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन