बेगूसराय में बाढ़ के बीच गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, ग्रामीणों की मुफ्त जांच के साथ दवाएं भी मिलीं
शिविर में इलाज करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के रचियाही में 'साईं की रसोई' की ओर से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर दवाइयां बांटी, जिससे स्थानीय लोगों को बाढ़ के दौरान बड़ी राहत मिली.
'साईं की रसोई', बेगूसराय की ओर से बाढ़ राहत अभियान के तहत रविवार को रचियाही कचहरी टोल, पंचायत भवन के निकट बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर में चिकित्सकों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवा भी उपलब्ध करवाया. शिविर का उद्घाटन स्थानीय जिला परिषद सदस्य सह जदयू जिला अध्यक्ष नंदलाल राय, रचियाही पंचायत के मुखिया राजेश कुमार, बेगूसराय के जाने-माने फिजिशियन डॉ. अमित गौरव, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एन. राय, फिजिशियन डॉ. मानस श्री और फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. साहिल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
डॉ. पी.एन. राय एवं डॉ. मानस श्री ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत और बढ़ जाती है. ऐसे समय में जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
वहीं, फिजिशियन डॉ. अमित गौरव एवं डॉ. साहिल ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच साईं की रसोई टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सराहनीय पहल है. नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय सलाह से कई स्वास्थ्य समस्याओं को गंभीर होने से रोका जा सकता है.
जनप्रतिनिधियों और आयोजकों के विचार
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य नंदलाल राय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर साईं की रसोई ने जरूरतमंदों की सेवा की एक प्रेरणादायी पहल की है. वहीं, मुखिया राजेश कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के शिविर से स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलता है और इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है.
टीम साईं की रसोई के संस्थापक सदस्य अमित जायसवाल और नितेश रंजन ने कहा कि रसोई टीम का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आपदा और जरूरत के समय हर संभव सहयोग पहुंचाना है.
टीम के सदस्य राघव सिंह एवं ज्ञान प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि सेवा कार्य तभी सफल होता है जब समाज के अलग-अलग वर्ग एक साथ आगे आते हैं.
स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों का सराहनीय सहयोग
शिविर के आयोजन में स्थानीय शिक्षक मनोज कुमार राय, अर्जुन राय के साथ ही रसोई टीम के सदस्य विक्की भाटिया, अनिल सिंघानिया, प्रशांत कुमार, शैलेन्द्र, राघव सिंह एवं ज्ञान सिंह सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा.
वहीं, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्र आनंद आशीष, आयुष कुमार, मो. सकलेन, अभय राज पंडित, रजनीश कुमार एवं अभिनव कुमार ने वालंटियर के रूप में अपनी सेवाएं दीं.
शिविर में आवश्यक दवाइयों के लिए मेडिसिन लिंक के प्रोपराइटर निखिल राज का भी सहयोग प्राप्त हुआ. टीम साईं की रसोई ने सभी चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, दवा सहयोगियों, युवाओं एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया. शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बाढ़ के बीच गांव में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा की सुविधा मिलना उनके लिए काफी उपयोगी रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए