बेगूसराय के B.Pharm छात्र की हरियाणा के IITM हॉस्टल में संदिग्ध मौत, परिजन बोले- हत्या की गयी

Updated:
विज्ञापन

मृतक की फाइल फोटो

हरियाणा के मुरथल स्थित एक कॉलेज हॉस्टल में बेगूसराय के बी.फार्मा छात्र प्रणव कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पिता से फोन पर बात करने के कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर आई. परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Begusarai student death in IITM Hostel: हरियाणा के सोनीपत स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मुरथल के हॉस्टल में बेगूसराय के बी.फार्मा छात्र प्रणव कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. 23 अगस्त की रात हॉस्टल के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला था. गार्ड और सहपाठी ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मंगलवार शाम परिजन शव लेकर बेगूसराय पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

पिता से फोन पर हुई थी बातचीत, कुछ घंटे बाद मिली मौत की खबर

मृतक प्रणव कुमार हेमरा-एघु मोहल्ला निवासी अधिवक्ता नागेंद्र झा और अधिवक्ता वंदना देवी का इकलौता पुत्र था. परिवार मूल रूप से बरौनी थाना क्षेत्र के मालती गांव का रहने वाला है. नागेंद्र झा बेगूसराय कोर्ट और वंदना देवी मंझौल कोर्ट में अधिवक्ता हैं.

परिजनों के अनुसार, प्रणव करीब तीन वर्ष पहले मुरथल स्थित आईआईटीएम में बी.फार्मा में दाखिल हुआ था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था. वह बी.फार्मा थर्ड ईयर का छात्र था और वर्ष 2027 में उसका कोर्स पूरा होना था.

परिजनों ने बताया कि 23 अगस्त की शाम प्रणव की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान उसने किसी तरह की परेशानी या तनाव की जानकारी नहीं दी थी. इसके कुछ घंटे बाद रात करीब साढ़े 11 बजे कॉलेज के एडमिशन इंचार्ज ने प्रणव की मां को फोन कर उसके गंभीर हालत में होने की जानकारी दी. मां के अनुसार, जब उन्होंने प्रणव के नंबर पर फोन किया तो थाना प्रभारी ने फोन उठाया और बताया कि प्रणव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. इसके बाद परिजन सुबह हरियाणा पहुंचे.

डायरी में लिखी बातों से बढ़ा रहस्य

घटना के बाद पुलिस को मौके से एक डायरी मिलने की बात सामने आयी है. परिजनों के अनुसार, डायरी में प्रेम संबंध से जुड़ी कुछ बातें लिखी थीं. इसमें एक लड़की को संबोधित करते हुए प्रेम और उसे नहीं पाने का जिक्र किया गया था. हालांकि डायरी की प्रामाणिकता और उसमें लिखी बातों का घटना से क्या संबंध है, यह पुलिस जांच का विषय है.

इधर, परिजनों ने हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र से प्रणव के कथित मनमुटाव की बात भी कही है. परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्र और उसके कुछ साथियों ने प्रणव की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

परिवार ने दोस्तों से बातचीत के आधार पर प्रणव के प्रेम प्रसंग की भी जानकारी होने का दावा किया है. परिजनों का आरोप है कि प्रेम संबंध में शामिल लड़की कथित तौर पर प्रणव पर पैसों को लेकर दबाव बनाती थी. इस आरोप की भी जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.

मां बोलीं- बेटे ने आत्महत्या नहीं की

प्रणव की मां वंदना देवी ने कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि यदि प्रणव किसी परेशानी में होता तो वह परिवार को जरूर बताता. वह परिवार से अपनी हर बात साझा करता था, इसलिए उन्हें विश्वास नहीं है कि उसने आत्महत्या की होगी.

वंदना देवी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद जब वह कॉलेज पहुंचीं तो उन्हें कॉलेज प्रशासन से पर्याप्त जानकारी नहीं मिली और बेटे को देखने के लिए भी इंतजार करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि मुरथल थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर हर्ष समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी, लेकिन पुलिस ने नामजद शिकायत लेने से इनकार कर दिया और उनसे केवल आत्महत्या की सूचना वाला आवेदन लिखवाया गया.

घटना के बाद रोते बिलखते परिजन
घटना के बाद रोते बिलखते परिजन

मोबाइल, लैपटॉप और डायरी की जांच की मांग

परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि हॉस्टल में मौजूद छात्रों, कॉलेज प्रशासन, मोबाइल फोन, लैपटॉप, डायरी और घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच की जानी चाहिए, ताकि प्रणव की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके.

फिलहाल प्रणव की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

Also Read: पटना में सुबह से बारिश, बिहार के इन 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने अगले 48 घंटे के लिए जारी किया अलर्ट


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन