बेगूसराय: बखरी में बिजली कटने पर छत पर सोने गए युवक की नीचे गिरने से मौत, 1 साल पहले हुई थी शादी; पत्नी गर्भवती
मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
बिहार के बखरी में बिजली कटौती के दौरान छत से गिरने से 28 वर्षीय युवक की मौत। परिवार में मचा कोहराम, पत्नी गर्भवती है। पढ़ें पूरी खबर।
बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघड़ा गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. भीषण गर्मी, उमस और बिजली कटौती के बीच घर की छत पर सोने गए वार्ड सदस्य चैतू पासवान के 28 वर्षीय पुत्र अनिल पासवान की छत से नीचे गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई.
आपके शहर में
पटना ले जाने के क्रम में युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है.
अंधेरे में सीढ़ी भटकने से सीधे सड़क पर गिरा युवक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार:
- सोमवार की रात इलाके में बिजली गुल थी और उमस भरी गर्मी के कारण अनिल छत पर सोने चले गए थे.
- देर रात अचानक तेज बारिश शुरू होने पर वे नीचे उतरने के लिए सीढ़ी की तरफ बढ़े.
- घुप अंधेरा होने की वजह से उनका संतुलन बिगड़ा और वे सीढ़ी की दिशा भटककर छत से सीधे घर के समीप पक्की सड़क पर गिर पड़े.
पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल अनिल को परिजन आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), बखरी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने मंगलवार को उन्हें पटना रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी, चार माह की गर्भवती हैं पत्नी
मृतक अनिल चार भाइयों में सबसे छोटे थे और सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के कारण युवाओं में काफी लोकप्रिय थे:
- अनिल की शादी करीब एक वर्ष पूर्व लक्ष्मी कुमारी से हुई थी.
- उनकी पत्नी वर्तमान में चार माह की गर्भवती हैं. पति के असामयिक निधन से गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के सामने अजन्मे बच्चे के भविष्य की गंभीर चिंता खड़ी हो गई है.
- बेटे के वियोग में मां आशा देवी बेसुध हैं, वहीं पिता व स्थानीय वार्ड सदस्य चैतू पासवान गहरे सदमे में हैं.
मंगलवार की शाम हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार बूढ़ी गंडक नदी किनारे स्थित सुहागी घाट पर नम आंखों से अनिल का अंतिम संस्कार किया गया, जहां भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए