तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ढाई घंटे तक सड़क जाम

Author Vikash Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर ग्रामीणों ने जाम कर दी सड़क

चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्टेट हाईवे-55 को करीब ढाई घंटे तक जाम कर दिया.

विज्ञापन

Begusarai News : चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के बसही पंचायत स्थित स्टेट हाईवे-55 पर मंगलवार की अहले सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दिया. बाद में पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

दादा को देखकर सड़क पार कर रहा था मासूम

जानकारी के अनुसार, बसही पंचायत के वार्ड संख्या-08 निवासी राकेश महतो का चार वर्षीय पुत्र आनंद कुमार अपने दादा के पीछे-पीछे जा रहा था. दादा सड़क के दूसरी ओर खड़े थे. उन्हें देखकर मासूम अचानक सड़क पार करने लगा. इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही एक हाइवा ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि मासूम का सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार

दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चेरियाबरियारपुर थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु, सर्किल इंस्पेक्टर महानंद चौधरी तथा एसआई अफजल आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-55 को जाम कर दिया. ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और फरार हाइवा चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया. अंततः थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार उचित मुआवजा दिलाने और दोषी चालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मुखिया ने जताई संवेदना

हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम का माहौल है. बसही पंचायत के मुखिया निरंजन कुमार निराला ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read : फेसबुक पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत, गया जी के युवक पर युवती के गर्भपात, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन