बेगूसराय में गंगा खतरे के निशान से एक मीटर ही नीचे, यूपी-बिहार में जलस्तर लगातार बढ़ने से लोग डरे

Updated:
विज्ञापन

बेगूसराय के मटिहानी में कटाव करती गंगा नदी. फोटो - प्रभात खबर.

गंगा नदी के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि ने बेगूसराय और आसपास के जिलों में चिंता बढ़ा दी है. हथीदह में जलस्तर खतरे के निशान के करीब है, जबकि मटिहानी में कटाव से लोग दहशत में हैं. उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी जलस्तर बढ़ने के संकेत हैं, जिससे लोग आशंकित हैं.

विज्ञापन

Ganga River Water Level : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. बेगूसराय और आसपास के जिलों में इसका असर दिखने लगा है. बेगूसराय के हथीदह में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग एक मीटर नीचे रह गया है. जलस्तर में बढ़ोतरी का ही रुझान बना हुआ है.

हथीदह में खतरे का निशान 41.760 मीटर पर है जबकि रविवार को जलस्तर 40.27 मीटर पर पहुंच गया. विभागीय सूत्रों के अनुसार जलस्तर की वृद्धि की रफ्तार इतनी ही बनी रहती है तो एक सप्ताह में खतरे के निशान तक पहुंच सकती है.

यह भी पढ़ें : हर साल क्यों डूबता है बिहार? सैकड़ों करोड़ खर्च के बाद भी नहीं थमा तबाही का सिलसिला, 50 वर्षों की पूरी कहानी

मटिहानी में कटाव से डरे लोग

बेगूसराय के ही मटिहानी विधानसभा के महेंद्रपुर गांव में पिछले 20 दिनों से भीषण कटाव हो रहा है. सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि गंगा में समा चुकी है. अब कटाव गांव की आबादी की ओर बढ़ने लगा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है.

उत्तर प्रदेश-बिहार के कई जिलों में जलस्तर बढ़ने के संकेत

बाढ नियंत्रण प्रमंडल बेगूसराय के कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के अनुसार गंगा नदी का जल स्तर बढते हुए मुंगेर में 36.24 मीटर पर पहुंच गया है. मुंगेर का खतरे का निशान 39.33 मीटर है. इसी तरह भागलपुर के कहलगांव में जलस्तर बढकर 29.82 मीटर पर पहुंच गयी है, जबकि यहां खतरे का निशान 31.090 मीटर है.

पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा का जलस्तर 75.53 मीटर पर है. वहीं वाराणसी में 63.72 मीटर पर है. बक्सर में यह बढकर 54.40 मीटर पर आ गया है. पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी बढते हुए 47.36 मीटर पर बह रही है.

तत्काल खतरा नहीं, लेकिन आशंकित हैं लोग

हालांकि बेगूसराय जिले में अभी तत्काल बाढ़ का खतरा नहीं है. लेकिन प्राकृतिक प्रकोप को लेकर कुछ भी स्पष्ट नही कहा जा सकता. कभी-कभी जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार काफी बढ जाती है तो औसत अनुमान से पहले भी बाढ का खतरा सामने आ जाता है. गंगा नदी के जलस्तर में अभी बढने के ही संकेत मिल रहे हैं. इससे लोग आशंकित होने लगे हैं.

यह भी पढ़ें : बिहार के 15 जिले बाढ़ प्रभावित, 2 हजार गांव हाई रिस्क जोन में, CM सम्राट ने नदियों को लेकर बताया प्लान


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन