पहली सोमवारी को लेकर अपेक्षाकृत कम कांवड़ियां पहुंचे सिमरिया

Updated:
विज्ञापन
गंगा घाट पर स्नान करते काँवरिए

गंगा घाट पर स्नान करते काँवरिए

Begusarai News : सावन की पहली सोमवारी पर सिमरिया गंगा घाट से हरिगिरिधाम जाने वाले कांवड़ियों की संख्या कम रही। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

विज्ञापन

Begusarai News : सावन माह की पहली सोमवारी पर हरिगिरिधाम गढ़पुरा में जलाभिषेक को लेकर एक दिन पूर्व रविवार को सिमरिया गंगा घाट पर अपेक्षाकृत कम कांवड़ियों की भीड़ देखने को मिली. मिनी देवघर के रूप में प्रसिद्ध हरिगिरिधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं ने सिमरिया घाट से गंगाजल भरा. इनमें डाक बमों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे. हालांकि शाम होते-होते शिवभक्तों के गंतव्य की ओर रवाना होने का सिलसिला लगातार जारी रहा.

पैदल, साइकिल और बाइक से निकले शिवभक्त

पैदल यात्रा करने वाले कांवड़ियों के अलावा साइकिल और मोटरसाइकिल से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं ने भी सिमरिया से गंगाजल लेकर हरिगिरिधाम की ओर प्रस्थान किया. पूरे मार्ग में 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ जल लेकर अपनी यात्रा पर निकले.

डाक बमों की दौड़ मैराथन से भी लंबी

सिमरिया धाम से हरिगिरिधाम तक डाक बमों की यात्रा आसान नहीं होती. भीड़भाड़ वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात के बीच गांवों की पगडंडियों से होकर उन्हें करीब 68 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है. यह दूरी सामान्य 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ से लगभग डेढ़ गुना अधिक है. डाक बम बिना रुके हरिगिरिधाम पहुंचकर सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं.

आने वाले दिनों में बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आगामी रविवारों को सिमरिया घाट पर कांवड़ियों की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष पहले की तुलना में बेहतर व्यवस्थाएं करने का प्रयास किया है.

प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं की बनाई व्यवस्था

जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, सदर एसडीपीओ-2 कुमारी दुर्गा शक्ति, नगर परिषद बीहट के कार्यपालक पदाधिकारी अवनीश कुमार, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, सीओ हेमंत अंकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने में जुटे हैं. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चकिया, एफसीआई, जीरोमाइल और बरौनी थाना क्षेत्र की पुलिस सिमरिया से लेकर बरौनी थाना क्षेत्र की अंतिम सीमा तक मुस्तैद रही.

Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी



विज्ञापन
Bipin Kumar Raj

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Raj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन