साहेबपुरकमाल पैक्स चुनाव परिणाम घोषित, 5 नए चेहरे और 5 निवर्तमान अध्यक्षों ने मारी बाजी
Published by : Vikas Jha Updated At : 04 Jun 2026 6:26 PM
जीत के बाद विक्ट्री साइन दिखाते हुए प्रत्याशी और उनके समर्थक
Begusarai News: साहेबपुरकमाल प्रखंड के 10 पैक्सों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए, जिसमें 5 नए प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की जबकि 5 निवर्तमान अध्यक्ष अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे. साहेबपुरकमाल पश्चिम पैक्स में विजय कुमार ने 264 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की.
Begusarai News (अजय कुमार): बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को मतगणना के साथ ही प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह संपन्न हो गई. चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद क्षेत्र में कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल बन गया. प्रखंड क्षेत्र के कुल 10 पैक्स अध्यक्षों के चुनाव में 5 नए प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज की है, जबकि 5 निवर्तमान अध्यक्ष अपने पद को बरकरार रखने में पूरी तरह कामयाब रहे.
विजय कुमार को मिली सर्वाधिक बढ़त
प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के सभागार में गुरुवार को संपन्न हुई मतगणना में साहेबपुरकमाल पश्चिम पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय कुमार ने सर्वाधिक 264 मतों के अंतर से जीत हासिल की. मतगणना में विजय कुमार को कुल 480 मतदाताओं का भारी समर्थन प्राप्त हुआ, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी उमेश यादव को मात्र 216 वोट मिले. कांटे की टक्कर में सबसे कम 33 मतों के अंतर से चौकी पैक्स अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनुपम कुमार विजयी घोषित हुए हैं.
कई दिग्गजों की कुर्सी रही बरकरार
मतगणना में अनुपम कुमार को कुल 354 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी निवर्तमान अध्यक्ष जयजय राम महतों को 321 मत हासिल हुए. इसी तरह विष्णुपुर आहोक पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष अवध किशोर चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनिल कुमार को 123 वोट से हराकर अध्यक्ष पद को बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की. जबकि सनहा पश्चिम पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रतन कुमार पासवान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी व निवर्तमान अध्यक्ष विद्याकर पासवान को 86 वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर पहली बार कब्जा जमाया.
नए चेहरों ने दी कड़ी शिकस्त
इसी तरह सनहा पूर्वी पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी व निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार को शंभू सिंह ने 188 मतों के अंतर से करारी शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया. पंचवीर पैक्स अध्यक्ष पद के उम्मीदवार व निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष मो नासिर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नंदकिशोर सुमन को 173 वोट से हराकर अध्यक्ष पद को सुरक्षित बरकरार रखा. फूलमलिक पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लेकेश कुमार ने निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष पप्पू यादव को 69 मतों से शिकस्त देकर पहली बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.
बीडीओ ने सौंपे प्रमाण पत्र
समस्तीपुर पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पवन कुमार को 230 मतों से हराकर अपनी सीट को बरकरार रखा. जबकि साहेबपुरकमाल पूर्वी पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष धर्मराज यादव भी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शैलेश कुमार सुमन को 134 वोट से हराकर अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे. इसके साथ ही रघुनाथपुर करारी पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष शैलज यादव ने भी निकटतम प्रतिद्वंदी राजीव प्रसाद को 253 वोटों के अंतर से हराकर पद को बरकरार रखा. सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ रवि सिन्हा ने प्रमाण पत्र प्रदान किया.
Also Read: बखरी के विकास को रफ्तार देने की मांग, दो अहम सड़क परियोजनाओं के लिए मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










