बखरी PHC में टला बड़ा हादसा, प्रसव कक्ष की छत का हिस्सा टूटकर जनरेटर पर गिरा

पीएचसी परिसर में गिरा छत का हिस्सा
Begusarai News: बेगूसराय के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में प्रसव कक्ष भवन की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर जनरेटर पर गिर गया. घटना के समय तेज धूप होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिले के बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया. अस्पताल परिसर स्थित प्रसव कक्ष भवन के बाहरी हिस्से की छत का एक बड़ा टुकड़ा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. छत का यह भारी हिस्सा सीधे भवन के समीप स्थापित जनरेटर पर आ गिरा. जिससे बहुत तेज आवाज हुई और अस्पताल परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत गिरने की आवाज काफी दूर तक साफ सुनाई दी थी.
आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोग
छत गिरने की तेज आवाज सुनते ही एएनएम (ANM) कॉलेज की छात्राएं तथा आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. वहीं राहत की बात यह रही कि घटना के समय अत्यधिक तेज धूप होने के कारण जनरेटर के आसपास कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी, मरीज अथवा उनके परिजन मौजूद नहीं थे. यदि उस समय वहां कोई भी व्यक्ति खड़ा रहता, तो एक बेहद गंभीर और दर्दनाक दुर्घटना निश्चित रूप से हो सकती थी.
जर्जर भवन को लेकर बढ़ी चिंता
इस अनहोनी घटना के बाद अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता काफी बढ़ गई है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रसव कक्ष जैसे संवेदनशील भवन की छत यदि इस तरह अचानक टूटकर गिर रही है, तो मरीजों, नवजात शिशुओं और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर हर वक्त बड़ा खतरा मंडरा रहा है. लोगों ने आशंका जताई कि यदि छत का कोई हिस्सा प्रसव कक्ष के अंदर गिरता है, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
तकनीकी जांच की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से अस्पताल भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने, जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने तथा मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है. इस संबंध में पूछे जाने पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार ने बताया कि उक्त छत का हिस्सा टूटकर गिरने की जानकारी प्रबंधन को मिली है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अचानक हुई घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है.
Also Read: Begusarai News : जानें जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.
पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.
स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










