बिहार: बेगूसराय के वायरल वीडियो पर दिल्ली तक क्यों गरम है सियासत? जानिए क्या है पूरा मामला..

Bihar Crime News: बेगूसराय में नाबालिग लड़की को निर्वस्त्र करके पीटने और वीडियो वायरल करने के मामले में तीन फरार आरोपितों ने सरेंडर कर दिया है. मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी पूर्व में ही हो चुकी है. वहीं दुष्कर्म के आरोपित को जेल भेज दिया गया.
Bihar Crime News: बेगूसराय की एक घटना अभी सुर्खियों में है. एक नाबालिग लड़की को नग्न कर पीटने और वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया तो प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूबे के सियासी गलियारे में भी इसे लेकर घमासान मचा हुआ है. वहीं मामला सामने आते ही पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. जबकि तीन अन्य आरोपितों ने सरेंडर कर दिया है. पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित अधेड़ को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
तेघड़ा थाना क्षेत्र की पकठौल पंचायत में किशोरी को नग्न कर मारपीट करने और उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गांव के ही चार लोगों को नामजद किया है. वहीं, किशोरी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये हारमोनियम मास्टर किशुन देव चौरसिया को जेल भेज दिया गया है. एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय निशित प्रिया और महिला थानाध्यक्ष अवंती कुमारी ने पूछताछ करने के बाद पीड़िता के बयान पर महिला थाने में दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट, आइटी एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस घटना के बाद गांव के लोगों में भी आक्रोश है.
बताया जा रहा है कि 20 जुलाई को तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल पंचायत में हारमोनियम मास्टर किशुन देव चौरसिया (65 वर्ष) ने गांव की ही 16 वर्षीया किशोरी को रात में संगीत सिखाने के लिए अपने घर पर बुलाया था. वहां पर वह किशोरी को बहला-फुसला कर दुष्कर्म करने लगा. रात के अंधेरे में हारमोनियम मास्टर के घर पर जा रही किशोरी को गांव के कुछ लोगों ने देख लिया था. इसी बीच गांव के ही कुछ दबंग लोग पीछे से कमरे में घुस गये. वहां पर दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी.
Also Read: बिहार: आशुतोष शाही को मारी गयी थी एक दर्जन से अधिक गोली, ड्राइवर ने बताया हत्या से ठीक पहले की बातचीत…
इसके बाद मनचलों ने किशोरी के कपड़ों को फाड़ कर उसे निर्वस्त्र कर दिया और दोनों की लाठी-डंडे से पिटाई की. इसके साथ ही आरोपितों ने हारमोनियम मास्टर और किशोरी को नग्न अवस्था में पीटते हुए मोबाइल से वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. घटना के संबंध में कुछ ग्रामीणों ने रात में ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने मामले को आपस में ही रफा-दफा कर दिया. बाद में जब सोशल मीडिया पर वृद्ध हारमोनियम मास्टर व किशोरी को नंगा कर पीटने का वीडियो वायरल हुआ, तो बेगूसराय पुलिस हरकत में आयी. इसके बाद एसपी योगेंद्र कुमार ने डीएसपी तेघड़ा रविंद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में जांच टीम गठित की.
पुलिस की टीम ने वायरल वीडियो की जांच के बाद आरोपित हारमोनियम मास्टर और किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. एसपी ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित हारमोनियम मास्टर किशुन देव चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, किशोरी और हारमोनियम मास्टर को नग्न कर मारपीट करने और वीडियो वायरल करने के मामले में गांव के ही चार लोगों को नामजद किया गया है.
डीएसपी मुख्यालय और महिला थानाध्यक्ष के संरक्षण में सदर अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच की गयी. साथ ही बेगूसराय न्यायालय में पीड़िता का 164 का बयान दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपित किशन चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया था. जबकि तीन अन्य आरोपितों ने सरेंडर किया है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रामजतन, रविंद्र, दिलीप ने सरेंडर किया है. बता दें कि सभी अभियुक्तों को चिह्नित कर लिया गया था. उनकी तलाश में डीएसपी तेघड़ा के नेतृत्व में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही थी. वहीं, डीएसपी रविंद्र मोहन प्रसाद और तेघड़ा थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की थी.
इस मामले को लेकर दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ा हुआ है. दरअसल, हाल में ही मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके परेड कराने का एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसपर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरा है. पीएम मोदी से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ये इसपर प्रतिक्रिया आई है. वहीं अब बिहार में जब एक लड़की को निर्वस्त्र करने और पीटने का मामला सामने आया तो भाजपा ने बिहार सरकार को इसपर घेरना शुरू किया. हालाकि सरकार के मंत्रियों ने इसपर कहा कि घटना के फौरन बाद मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया. सरकार इन मामलों पर बेहद सख्त है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




