बौंसी थाना कॉलोनी में घर के बाहर खड़ा किया टोटो, एक घंटे बाद गायब, CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात

Edited by AMIT KUMAR SINH
Updated:
विज्ञापन

Bounsi Toto Theft CCTV : बांका जिले के बौसी बाजार स्थित थाना कॉलोनी में सोमवार तड़के टोटो चोरी की घटना से हड़कंप मच गया. घर के बाहर खड़ी टोटो को अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस चोर की पहचान और वाहन की बरामदगी के प्रयास में जुट गई है.

विज्ञापन

बौसी,(बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : बौसी बाजार के थाना कॉलोनी इलाके में सोमवार की सुबह एक टोटो चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ी टोटो को लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया, जबकि आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है. जानकारी के अनुसार, थाना कॉलोनी निवासी मोहन मंडल के पुत्र पंकज कुमार ने सोमवार सुबह करीब चार बजे अपनी टोटो घर के बाहर खड़ा किया था. इसके बाद वह घर के अंदर चले गए. सुबह लगभग पांच बजे जब वह बाहर निकले तो टोटो अपनी जगह पर नहीं था. वाहन गायब देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और आसपास खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

CCTV फुटेज से मिलेगा सुराग

घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. थाना कॉलोनी स्थित एक निजी आवास के बाहर लगे कैमरे में एक युवक आराम से टोटो चलाकर ले जाते हुए दिखाई दिया.फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि चोर बिना किसी हड़बड़ी और भय के वाहन को लेकर फरार हो गया. CCTV सामने आने के बाद पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.

पीड़ित ने थाने में दर्ज करायी शिकायत

टोटो मालिक पंकज कुमार ने बौसी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और चोरी हुए वाहन की बरामदगी की मांग की है.शिकायत मिलने के बाद पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने और वाहन की तलाश में जुट गई है.

कागजात नहीं होने की बात भी आयी सामने

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फिलहाल टोटो मालिक के पास वाहन के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं. हालांकि पीड़ित युवक ने पुलिस को आश्वस्त किया है कि वाहन से संबंधित सभी कागजात जल्द उपलब्ध करा दिए जाएंगे.पुलिस का कहना है कि दस्तावेज मिलने के बाद जांच प्रक्रिया को और गति मिलेगी.

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.

पुलिस ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा

बौसी पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन