शंभुगंज में लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, किशोर फरार

Published by :SHUBHASH BAIDYA
Published at :19 Apr 2026 8:36 PM (IST)
विज्ञापन
शंभुगंज में लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, किशोर फरार

शंभुगंज में लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, किशोर फरार

विज्ञापन

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी, लूट व छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लूटकांड का खुलासा कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक किशोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, शनिवार को रामचुआ-खरौधा नहर के पास रामचुआ पंचायत भवन के समीप हथियारबंद बदमाशों ने तारापुर के व्यवसायी अशोक पोद्दार के पुत्र अमन कुमार से लूटपाट की. अमन कुमार ई-रिक्शा से भोज का सामान लेकर शंभुगंज आ रहा था. तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने रास्ता रोककर हथियार का भय दिखाया व करीब 300 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही दारोगा राममोहन कुमार पुलिस बल के साथ सक्रिय हुए. शंभुगंज-असरगंज मुख्य सड़क पर केशोपुर बस्ती के पास पुलिस ने व्यवसायी द्वारा बताये गये हुलिए के आधार पर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उन्हें हिरासत में लेकर थाना लाया गया. गिरफ्तार आरोपितों में रायपुरा निवासी विशाल कुमार, वंशीपुर निवासी अरिहंत उर्फ भैरव व एक किशोर शामिल हैं. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर मझगाय निवासी अंकित उर्फ सत्या को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में वंशीपुर के किशोर ने चोरी का मोबाइल अपने घर में छिपाने की बात स्वीकार की. पुलिस जब उसे लेकर उसके घर पहुंची, तो वह छत से कूदकर फरार हो गया. पुलिस ने रातभर वंशीपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक चांदी की पायल व एक बाइक बरामद की गयी है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फरार किशोर की तलाश में छापेमारी जारी है.

गिरोह का सरगना निकला अंकित उर्फ सत्या

थानाध्यक्ष के अनुसार, मंझगाय गांव निवासी अंकित उर्फ सत्या इस गिरोह का मुख्य सरगना है. उस पर शंभुगंज व तारापुर थाना में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस घटना में उसी ने हथियार व गोलियां उपलब्ध करायीं थीं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों व नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन