बांका में आज सूर्यदेव की हुई पूजा, मां तेलडीहा शक्तिपीठ में आराधना के लिए उमड़ी भीड़, मंदिरों में गूंजे जयकारे

तेलहीहा मंदिर में श्रद्धालुओं की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
Banka Temple News : रविवार को बांका के मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा. चांदन नदी तट पर सूर्यदेव की पूजा हुई, तो तेलडीहा दुर्गा मंदिर में भक्तों ने माता के दर्शन किए. मंदार मधुसूदन मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई.
Banka Temple News : रविवार की भोर होते ही श्रद्धालु चांदन नदी तट पर पहुंचने लगे. पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की. इसके बाद सूर्यदेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. मंदिर का पट सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा. शहर के अन्य मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली.
तेलडीहा दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शंभुगंज प्रखंड में बांका और मुंगेर जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तांत्रिक शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गा मंदिर में भी रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. जिले के अलावा आसपास के कई जिलों से भी भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे. धार्मिक मान्यता के अनुसार यह एक सिद्धपीठ तांत्रिक मंदिर है, जहां श्रद्धापूर्वक पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. मंदिर के पुजारी श्याम आचार्य के अनुसार सुबह सबसे पहले मेढ़पति परिवार द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाता है. शाम को आरती और विशेष पूजा के बाद मंदिर का पट बंद किया जाता है. शारदीय नवरात्र के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं.
शहर के प्रमुख मंदिरों में दिनभर चला पूजा-अर्चना का क्रम
रविवार को पुरानी ठाकुरबाड़ी, भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर और विजयनगर स्थित शनि मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. शनि मंदिर का पट सुबह पांच बजे खोला गया, जबकि शाम को संध्या महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. शहर के अधिकांश मंदिरों के कपाट सुबह से ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे, जहां दिनभर पूजा-पाठ और दर्शन का क्रम चलता रहा.
मंदार मधुसूदन मंदिर में विशेष पूजा और भव्य आरती
मंदार स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर में भी रविवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए. सुबह साढ़े सात बजे पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान का पंचामृत से अभिषेक कराया. दोपहर 12 बजे भगवान को भोग अर्पित किया गया. इसके बाद दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर का पट खोला गया. शाम छह बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती के साथ पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










