श्रावणी मेले की आहट के बीच अष्टकमल मंदिर में उमड़ी आस्था, मधुसूदन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना

Updated:
विज्ञापन
मंदार पर्वत स्थित अष्टकमल मंदिर | Prabhat Khabar Network

मंदार पर्वत स्थित अष्टकमल मंदिर. | Prabhat Khabar Network

Banka Religious News : बांका के अष्टकमल मंदिर में श्रावणी मेले की आहट के बीच श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. पापहारिणी सरोवर के बीच स्थित इस मंदिर में भक्त विशेष पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. मधुसूदन मंदिर में भी 31 अक्टूबर तक विशेष दिनचर्या के साथ पूजा-अर्चना जारी रहेगी, जिसमें पंचामृत स्नान, चंदन लेपन और वैदिक मंत्रोच्चार शामिल हैं.

विज्ञापन

Banka Religious News : मंदार पर्वत की तराई स्थित पापहारिणी सरोवर के बीच बने अष्टकमल मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की. मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार रहा.

मधुसूदन मंदिर में विशेष दिनचर्या के साथ हुई पूजा

मंदार स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर का पट अहले सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. पट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया. सुबह 7:30 बजे भगवान की विशेष आरती एवं पूजा संपन्न हुई. मंदिर के पुजारी विंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान की नित्य पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से कराए.

31 अक्टूबर तक चलेगी विशेष पूजा व्यवस्था

मंदिर के पुजारियों ने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर तक भगवान मधुसूदन की विशेष दिनचर्या जारी रहेगी. प्रतिदिन भगवान का पंचामृत से स्नान, चंदन लेपन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी. दोपहर 12 बजे चावल, दाल, सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा. शाम 6:30 बजे भगवान का भव्य श्रृंगार और आरती होगी, जबकि रात्रि में पूड़ी, दूध, चीनी, काजू, किशमिश, पेड़ा एवं अन्य मिष्ठानों का भोग लगाने के बाद रात 8:30 बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जाएगा.

अन्य मंदिरों में भी रहा भक्तिमय माहौल

शहर के भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर, जगतपुर ठाकुरबाड़ी सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भी सुबह 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए गए. विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भोग का आयोजन हुआ. श्रावणी मेले की आहट के साथ पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है.


विज्ञापन
चंदन कुमार

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन