कटोरिया में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस टीम.

घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस टीम.

Banka News : कटोरिया थाना क्षेत्र के पपरेवा गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Banka News : कटोरिया थाना क्षेत्र के देवासी पंचायत एक गांव स्थित महादलित टोला में शनिवार को एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

घर में अकेली थी किशोरी, फंदे से लटका मिला शव

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना के समय उसकी मां कटोरिया के साप्ताहिक हाट गई थीं, जबकि छोटा भाई गांव में खेलने निकला था. घर में किशोरी अकेली थी. जब उसकी मां वापस लौटीं तो कमरे में बेटी को फंदे से लटका देखा. शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी

घटना के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से पता नहीं चल सका है. स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी संभावित कारण की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है.

मुंबई में मजदूरी करते हैं पिता, परिवार में मातम

बताया जाता है कि मृतका के पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं. बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. कटोरिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक नारायण बैठा ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन