नंदी पर सवार भोलेनाथ, कांवरिया पथ पर छा गई कोलकाता की अनोखी कांवर
कोलकाता का आकर्षक कांवर | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेला में कोलकाता के कांवरियों द्वारा लाई गई नंदी पर सवार भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
बांका : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे शिवभक्त अपनी आकर्षक कांवर के साथ अजगैबीनाथ धाम से बाबाधाम की पैदल यात्रा कर रहे हैं. इसी क्रम में कोलकाता से पहुंचे शिवभक्तों की अनोखी कांवर इन दिनों कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. भव्य रूप से सजायी गयी इस कांवर में नंदी पर सवार भगवान भोलेनाथ की मनमोहक प्रतिमा लगायी गयी है.
कांवर पर सजे भोलेनाथ को देखने ठहर जा रही नजर
कोलकाता से आए करीब 20 कांवरियों का दल इस आकर्षक कांवर को कंधे पर लेकर पूरे उत्साह और भक्ति के साथ बाबाधाम की ओर बढ़ रहा है. कांवर की भव्य सजावट और उस पर स्थापित भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को देखने के लिए कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की नजरें ठहर जा रही हैं. दल के गुजरते ही आसपास मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है.
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा कांवरिया पथ
कोलकाता के शिवभक्तों की इस अनोखी कांवर का श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से स्वागत कर रहे हैं. जयघोष के बीच कांवरिया दल अपनी यात्रा पूरी करते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहा है. कांवर की सजावट देखने के लिए रास्ते में लोग कुछ देर रुकते भी नजर आ रहे हैं.
श्रावणी मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कांवरियों की अलग-अलग तरह की कांवरें यात्रा को और खास बना रही हैं. कोलकाता के शिवभक्तों की यह कांवर भी कांवरिया पथ पर आस्था, भक्ति और आकर्षण का अनोखा संगम बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









