तीसरी सोमवारी पर धनकुंड नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
धनकुंड मंदिर | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर धनकुंडनाथ धाम सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
धोरैया : सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही. सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे. खासकर सुप्रसिद्ध धनकुंड नाथ मंदिर में दूर-दराज से पहुंचे करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
सुबह से ही लगी रही श्रद्धालुओं की कतार
धनकुंड नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. हाथों में गंगाजल, बेलपत्र और पूजन सामग्री लेकर पहुंचे भक्तों ने कतार में लगकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही.
मंदिर के बाहर मेले जैसा नजारा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण धनकुंड नाथ मंदिर परिसर के बाहर मेले जैसा नजारा देखने को मिला. पूजा सामग्री, फूल, प्रसाद और अन्य सामान की दुकानें भी सजी रहीं. आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण पूरे इलाके में चहल-पहल बनी रही.
अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
धनकुंड नाथ मंदिर के अलावा भूमफोड़नाथ महादेव कुसमी, पटवा, धोरैया, तेवाचक, बटसार, जयपुर, उचडीहा और बेली सहित विभिन्न शिवालयों में भी दिनभर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही चौकस
श्रावणी मेले और तीसरी सोमवारी को लेकर धनकुंड मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही. धनकुंड पुलिस लगातार चौकसी बरतती नजर आयी. श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसे लेकर पुलिसकर्मी तैनात रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









