बकरी के खेत में घुसने पर खूनी संघर्ष: देवर, ससुर और गोतनी ने महिला को घर से घसीटकर पीटा

अस्पताल पहुंची जख्मी महिला
Domestic Violence: बकरी के खेत में घुस जाने के मामूली विवाद ने गंभीर हिंसा का रूप ले लिया. थमहन गांव में महिला को उसके ससुर और देवरों ने घर से घसीटकर झाड़ियों में ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसका हाथ टूट गया. महिला ने न्याय की गुहार लगाई है.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Domestic Violence: जमदाहा ओपी क्षेत्र के बसमत्ता पंचायत स्थित थमहन गांव में घटित इस शर्मनाक घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया लाया गया. यहाँ अस्पताल की मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीड़िता का प्राथमिक उपचार किया और टूटे हुए हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया.
कोलकाता में मजदूरी करता है पति
घायल महिला की पहचान थमहन गांव के निवासी उमेश यादव की 37 वर्षीय पत्नी जागेश्वरी देवी के रूप में की गई है. घटना के वक्त पीड़िता का पति रोजी-रोटी और मजदूरी के सिलसिले में कोलकाता में था, जिससे घर पर महिला अकेली थी. बुधवार को बदहवास स्थिति में घायल महिला अपनी बड़ी बहन कुंती देवी और पुत्र दिलखुश कुमार के साथ किसी तरह न्याय और इलाज के लिए अस्पताल पहुंची.
बकरी चरने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
अस्पताल में भर्ती पीड़िता जागेश्वरी देवी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मंगलवार की शाम उसकी बकरी गलती से गोतनी के खेत में चली गई थी. इसी मामूली बात पर भड़ककर गोतनी रीना देवी और गनिता देवी ने उसके साथ पहले जमकर गाली-गलौज की और फिर हाथापाई पर उतारू हो गईं.
देर रात घर पर बोला सामूहिक हमला
महिला का आरोप है कि शाम के विवाद के बाद बात यहीं खत्म नहीं हुई. देर रात उसके देवर विनोद यादव, साजन कुमार, दामोदर यादव और ससुर नरेश यादव लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर आ धमके. आरोपियों ने सबसे पहले घर के दरवाजे पर सुरक्षा के लिए लगी टटिया (बांस का घेरा) को उखाड़ फेंका और घर के अंदर दाखिल हो गए.
झाड़ियों में ले जाकर बेरहमी से पीटा
जागेश्वरी देवी ने आरोप लगाया कि ससुर और देवरों ने उसे जबरन पकड़ लिया और घसीटते हुए घर से बाहर पास की सुनसान झाड़ियों में ले गए. वहाँ सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान उसे जान से मारने की लगातार धमकी भी दी जा रही थी. डंडे के सीधे वार से उसके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई और पीठ व सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं.
Domestic Violence: पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
इस बर्बरतापूर्ण मारपीट के बाद डरी-सहमी पीड़िता जागेश्वरी देवी ने हिम्मत जुटाकर जमदाहा ओपी पुलिस को पूरे मामले की लिखित लिखित शिकायत दी है. महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी ससुर, देवरों और गोतनियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










