बौंसी में भाजपा जिलाध्यक्ष की बुजुर्ग मां के गले से सोने का हार झपटा, बाइक सवार बदमाश CCTV में कैद
घटना स्थल पर मौजूद पीड़ित व ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network
बौंसी में भाजपा जिलाध्यक्ष की मां से मॉर्निंग वॉक के दौरान सोने का हार झपटा गया. पुलिस CCTV फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है.
बौंसी बाजार में मंगलवार की सुबह झपटमारों ने भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश उर्फ विक्की मिश्रा की बुजुर्ग मां दुर्गा मिश्रा के गले से सोने का हार झपट लिया. घटना उनके आवास के समीप हुई. वारदात के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश डैम रोड होते हुए दुमका रोड की ओर फरार हो गये. अचानक हुई घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाशों ने बनाया निशाना
बताया जाता है कि दुर्गा मिश्रा सुबह घर के समीप मॉर्निंग वॉक कर रही थीं. इसी दौरान थाना कॉलोनी की ओर से प्लैटिना बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे. बाइक सवार बदमाशों ने मौका देखकर उनके गले में पहना करीब एक भर का सोने का हार झपट लिया. इसके बाद दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए मौके से फरार हो गये.
अचानक हुई वारदात से बुजुर्ग महिला घबरा गयीं और शोर मचाया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन दोनों पकड़ में नहीं आ सके.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बौंसी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. बदमाश किस रास्ते से भागे, इसका पता लगाने के लिए डैम रोड और दुमका रोड की ओर लगे कैमरों के फुटेज भी देखे जा रहे हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
बौंसी में पहले भी हो चुकी हैं झपटमारी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार बौंसी थाना क्षेत्र में झपटमारी की यह पहली घटना नहीं है. लोगों का दावा है कि इससे पहले भी आधे दर्जन से अधिक झपटमारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार ऐसी घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है.
भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश उर्फ विक्की मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के साथ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. उन्होंने पुलिस प्रशासन से थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग करने की बात कही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए