सिंगल लाइन का जाम और मालदा डिविजन की अनदेखी
Updated at : 27 Mar 2026 6:13 PM (IST)
विज्ञापन

सिंगल रेल लाइन और मालदा डिविजन की लगातार अनदेखी का खामियाजा एक बार फिर आम यात्रियों को भुगतना पड़ा.
विज्ञापन
हंसडीहा-भागलपुर डेमू फिर हुई लेट
संजीव पाठक, बौंसी. सिंगल रेल लाइन और मालदा डिविजन की लगातार अनदेखी का खामियाजा एक बार फिर आम यात्रियों को भुगतना पड़ा. हंसडीहा से भागलपुर आने वाली डेमू ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से भागलपुर स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण कई यात्रियों की भागलपुर से आगे जाने वाली कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गयी. वहीं, ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को भी पूरे रास्ते असुविधाओं का सामना करना पड़ा. यात्रियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लगभग रोज की कहानी बन चुकी है.रास्ते में जगह-जगह रोकी गयी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, बाराहाट जंक्शन पर ट्रेन को करीब 25 मिनट तक रोका गया, जबकि धौनी स्टेशन पर आधे घंटे से अधिक समय तक ट्रेन खड़ी रही. स्थानीय रेल कर्मियों ने बताया कि भागलपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी, पटना-दुमका एक्सप्रेस और गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन को प्राथमिकता देने के कारण डेमू ट्रेन को कई स्थानों पर रोका गया.बोगियों में पानी की किल्लत, गंदे शौचालय से बढ़ी परेशानी
यात्रियों ने केवल देरी ही नहीं, बल्कि ट्रेन की खराब व्यवस्था पर भी नाराजगी जतायी. बोगियों में पानी नहीं होने और शौचालयों की गंदगी ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. ट्रेन में सफर कर रहे यात्री निलेश पराशर, सुनीता पाठक, ज्योति पांडे, राकेश यादव और नीलम देवी सहित अन्य ने बताया कि यह ट्रेन अक्सर देरी से ही भागलपुर पहुंचती है. इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोकल यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों का संचालन सही ढंग से नहीं हो पा रहा है. ऊपर से मालदा डिविजन द्वारा इस रूट पर ध्यान नहीं देने के कारण समस्या और गंभीर होती जा रही है. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस रूट पर ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, सिंगल लाइन की समस्या का समाधान किया जाए और ट्रेनों में बुनियादी सुविधाएं जैसे पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारी जाए. अगर जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यात्रियों का आक्रोश और बढ़ सकता है. मामले की शिकायत करने पर मालदा डिवीजन की पीआरओ रूपा मंडल और बाराहाट जंक्शन पर बैठे पैनल रूम के अधिकारी की मानें, तो माल गाड़ियों को प्राथमिकता देने की वजह से परेशानी बढ़ रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




