कटोरिया में जमीन बंटवारे को लेकर चचेरे भाइयों में मारपीट, युवक घायल
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 May 2026 4:02 PM
Banka News : बांका के कटोरिया में पारिवारिक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शौचालय के सेफ्टी टैंक निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें एक युवक घायल हो गया.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : कटोरिया थाना क्षेत्र के खांड़ीपर गांव में जमीन और बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच गुरुवार को जमकर मारपीट हो गई. घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसका कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया. मामले को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
सेफ्टी टैंक निर्माण के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार खांड़ीपर गांव निवासी विक्रम कुमार सिंह अपने हिस्से की जमीन पर शौचालय के लिए सेफ्टी टैंक का निर्माण करा रहे थे. इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
घायल युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना में विक्रम कुमार सिंह घायल हो गए. घायल युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया.चचेरे भाई और भतीजे पर आरोप
घायल युवक ने अपने चचेरे भाई दीपक कुमार सिंह और भतीजा आनंद सिंह समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर कटोरिया थाना में लिखित आवेदन दिया गया है.
जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद
पीड़ित युवक का कहना है कि पूर्वजों द्वारा मौखिक बंटवारे में उन्हें उक्त जमीन मिली थी और उसी हिस्से में निर्माण कार्य कराया जा रहा था. विरोध करने वाले पक्ष ने इसे लेकर विवाद खड़ा कर दिया.पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों के अनुसार परिवार में जमीन बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प में बदल गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










