लाड़न नदी में फिसलकर गिरा 8 वर्षीय अयान, रातभर चला तलाश अभियान, अब बुधवार सुबह होगी खोज

Updated:
विज्ञापन

फोटो- खोजबीन करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

धनकुंड थाना क्षेत्र की लाड़न नदी में मंगलवार को 8 वर्षीय अयान के गिरने से हड़कंप मच गया. परिजन सदमे में हैं, जबकि ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम बच्चे की तलाश में जुटी है. अंधेरा होने के कारण खोज अभियान रोकना पड़ा, बुधवार सुबह फिर से शुरू होगा.

विज्ञापन

धोरैया (बांका). धनकुंड थाना क्षेत्र के काठबनगांव बीरबलपुर पंचायत सरकार भवन के पीछे स्थित लाड़न नदी में मंगलवार को एक आठ वर्षीय मासूम के गिर जाने से इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन और ग्रामीण देर शाम तक बच्चे की तलाश में जुटे रहे.

दोस्तों के साथ नदी किनारे गया था अयान

जानकारी के अनुसार काठबनगांव निवासी मोहम्मद अशफाक का करीब आठ वर्षीय पुत्र अयान अपने कुछ दोस्तों के साथ लाड़न नदी के किनारे बने गाइड वॉल पर गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाली नदी में गिर गया.

ग्रामीणों ने जेसीबी से हटायी जलकुंभी

घटना के बाद अयान के साथ मौजूद बच्चों ने गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की. जलकुंभी और पेड़ों की लटकती टहनियों के कारण खोज अभियान में परेशानी आ रही थी, जिसे जेसीबी की मदद से हटाया गया. इसके बावजूद देर शाम तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका.

प्रशासन और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी अनुज कुमार झा और धनकुंड थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. देर शाम एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन प्रभावी ढंग से नहीं चल सका. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया जाएगा.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद पिता मोहम्मद अशफाक, मां नरगिस खातून और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में मातम का माहौल है. सामाजिक कार्यकर्ता मुशाहिद आलम ने बताया कि हाल की बारिश के कारण नदी में पानी और बहाव दोनों बढ़ गए थे. बच्चे नदी में पानी देखने पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया.


विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन