जर्जर बिजली तार और पोल बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

नल में जल नहीं

बांका जिले के पौकरी पंचायत में 20 वर्षों से बिजली के जर्जर तार और पोल बदले जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. लो-वोल्टेज से पेयजल आपूर्ति बाधित होने और तार टूटने से हादसों के बढ़ते खतरे के कारण लोग परेशान हैं.

विज्ञापन

Banka Power Crisis: शंभुगंज (बांका). प्रखंड क्षेत्र की पौकरी पंचायत अंतर्गत पकार भलुआ एवं बिहार भलुआ गांव में बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब 20 वर्षों से गांव में बिजली के जर्जर तार, पोल और उपकरण नहीं बदले गए हैं, जिससे लगातार दुर्घटना और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या बनी हुई है.

20 वर्षों से नहीं बदले गये तार और पोल

ग्रामीण पंकज कुमार गुप्ता, महेश कुमार, विद्यासागर, विजय कुमार, रविकांत यादव, प्रवीण कुमार, श्रवण कुमार, पंकज यादव और अजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव के बीच बिना कवर वाले बिजली तार और ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी लाइनें बेहद जर्जर हो चुकी हैं. इसके बावजूद वर्षों से न तो तार बदले गए और न ही आवश्यक मरम्मत कराई गई.

लो वोल्टेज से पेयजल आपूर्ति भी ठप

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार लो वोल्टेज रहने के कारण जलमीनार से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है. इससे गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. बिजली की खराब व्यवस्था का असर घरेलू और कृषि कार्यों पर भी पड़ रहा है.

तार टूटने से हादसे का बना रहता है खतरा

ग्रामीणों के अनुसार हल्की बारिश या तेज हवा में भी बिजली के तार टूटकर गिर जाते हैं. सोमवार शाम भी गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर बिजली के तार टूटकर गिर गए थे, जिसमें एक युवक बाल-बाल बच गया. उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से समय पर कोई कर्मी नहीं पहुंचता, जिसके कारण ग्रामीण आपस में चंदा जुटाकर बिजली लाइन की मरम्मत कराते हैं.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जर्जर तार, पोल और अन्य उपकरण नहीं बदले गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव किया जायेगा.

क्या बोले कनीय अभियंता

Banka Power Crisis: विद्युत विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि बिजली के तार और उपकरण बदलने का कार्य संबंधित एजेंसी के जिम्मे है. उन्होंने कहा कि समस्या के शीघ्र समाधान के लिये आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन