धान रोपनी के लिए मजदूर बुलाने निकले वृद्ध किसान की सड़क हादसे में मौत, बाइक सवार दो कांवरिये भी घायल

Updated:
विज्ञापन

मृतक किसान के घर के बाहर मौजूद ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network

Road Accident : कटोरिया-बांका मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय किसान की मौत हो गई. धान रोपनी के लिए मजदूर बुलाने जा रहे किसान को तेज रफ्तार बाइक ने रौंद दिया. इस हादसे में बाइक सवार दो कांवरिये भी गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

Road Accident : कटोरिया-बांका मुख्य सड़क मार्ग पर सड़क हादसे में किसान की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान कटोरिया नगर पंचायत अंतर्गत उदयपुरा गांव निवासी स्व. सोना यादव के 80 वर्षीय पुत्र सज्जन यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह मंगलवार को साइकिल से धान रोपनी के लिए मजदूर बुलाने कठौन गांव के मंडल टोला जा रहे थे. इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के समीप कटोरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर उनकी साइकिल से टकरा गई.

दो कांवरिये भी हुए घायल

हादसे में बाइक सवार पूर्णिया जिले के तेलंता गांव निवासी 23 वर्षीय मनोरंजन कर्मकार और 23 वर्षीय चंचल कुमार भी घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

बांका सदर अस्पताल में तोड़ा दम

कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल किसान सज्जन यादव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर किया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं दोनों घायल कांवरियों का प्राथमिक उपचार कटोरिया अस्पताल में किया गया.

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में शोक

किसान की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी पार्वती देवी, पुत्र शंभु प्रसाद यादव और अधिवक्ता अंबुज कुमार यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना के बाद उदयपुरा गांव में शोक का माहौल छा गया.

जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

हादसे की जानकारी मिलने के बाद कटोरिया नगर पंचायत के उपचेयरमैन प्रतिनिधि फकरे आलम, शिक्षक सर्वजीत कुमार, समाजसेवी मो. अनवर अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मृतक के घर पहुंचे. सभी ने दिवंगत किसान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन