अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार जीजा की मौत, साला जख्मी

अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार जीजा की मौत, साला जख्मी
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव रजौन के रानीटीकर गांव का रहने वाला था मृतक बांका/रजौन. बेखौप बालू कारोबारियों ने एक बार फिर एक युवक की जान ले ली. रजौन थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव के समीप रविवार की देर रात तेज रफ्तार एक अज्ञात बालू लदे ट्रैक्टर ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया. इस घटना में बाइक के पीछे सवार चांदो सिंह(55) की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि इस घटना में बाइक चालक बिनोद राम(45) जख्मी हो गया. दोनों रिश्ते में जीजा व साला बताया जा रहा है. बिनोद राम भागलपुर जिला के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दोस्तनी गांव का रहने वाला है, जबकि मृतक रजौन थाना क्षेत्र के रानीटीकर गांव का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार मृतक चांदो सिंह अपने दूसरी पुत्री मनीषा कुमारी की शादी का निमंत्रण कार्ड देकर वापस अपने साला के साथ घर की ओर लौट रहा था. इस दौरान अवैध बालू लोड ट्रैक्टर के लापरवाह चालक ने दामोदरपुर के समीप बाइक में जोरदार धक्का मार दिया. इस घटना में बिनोद भी मामूली रूप से जख्मी हुआ है. इधर घटना देर रात को घटित हुआ . अपने बहनोई की मौत के बाद सहायता के लिए बिनोद जोर-जोर से चिल्लाने लगा. बताया जा रहा है कि बालू कारोबार का भंडाफोड़ नहीं हो, इसको लेकर उक्त ट्रैक्टर चालक ने जख्मी साला बिनोद की मदद करने की बजाय उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, हालांकि इसी बीच ग्रामीण पहुंच गए. इसके बाद रजौन पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी. इस बीच ग्रामीणों और बालू कारोबारी चालक व ट्रैक्टर मालिक के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा चालू हो गया. वहीं रजौन पुलिस के पहुंचते ही ट्रैक्टर चालक और मालिक अपने बाइक को घटना स्थल पर ही छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने मौके से उक्त बाइक को जब्त कर लिया है. बताया जा रहा है कि जब्त बाइक ट्रैक्टर मालिक की ही है. थानाध्यक्ष राजरतन ने बताया कि ट्रैक्टर चालक व मालिक को चिन्हित किया जा चुका है. पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी. पुलिस ट्रैक्टर चालक और मालिक को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी अभियान तेज कर दी है. इधर रजौन पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




